भारतीय मूल के गुप्ता बंधु यूएई से गिरफ्तार

युगवार्ता    07-Jun-2022   
Total Views |

गुप्ता बंधु गिरफ्तार_1
 
 
केप टाउन। दक्षिण अफ्रीका में अरबों रुपये का घोटाला करने के आरोपी भारतीय मूल के गुप्ता बंधु को गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार माध्यमों के मुताबिक यूएई में राजेश गुप्ता और अतुल गुप्ता को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के शासनकाल के दौरान हुए राजनीतिक भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं। गुप्ता बंधु भारत के राज्य उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं।
 
समाचार माध्यमों के मुताबिक दोनों देशों ने अप्रैल 2021 में एक प्रत्यर्पण संधि की पुष्टि की है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि क्या गिरफ्तारी के बाद दोनों भाइयों की दक्षिण अफ्रीका में वापसी होगी। पिछले साल जुलाई में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन (इंटरपोल) ने गुप्ता बंधु के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस भी जारी किया था।
 
 
“नब्बे के दशक में तीनों भाई सहारनपुर से दक्षिण अफ्रीका चले गए थे। कुछ समय पहले खुलासा हुआ था कि जांच शुरू होने से पहले गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका से भागकर दुबई चले गए”
 
 
 
दक्षिण अफ्रीका के न्याय और सुधार सेवा मंत्रालय ने गुप्ता बंधु की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मंत्रालय ने कहा है कि यूएई के कानून प्रवर्तन अधिकारियों से सूचना मिली है कि भगोड़े राजेश और अतुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। यूएई और दक्षिण अफ्रीका के बीच इस संबंध में बातचीत जारी है।
 
इस घोटाले में राजेश और अतुल के अलावा अजय गुप्ता का भी नाम भी शामिल है। तीनों भाई सहारनपुर के रहने वाले हैं। 1990 के दशक में तीनों भाई सहारनपुर से दक्षिण अफ्रीका चले गए थे। कुछ समय पहले खुलासा हुआ था कि जांच शुरू होने से पहले गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका से भागकर दुबई चले गए थे।
 
आपराधिक मामलों की जांच के लिए दक्षिण अफ्रीकी प्रशासन इनका प्रत्यर्पण कराना चाहता है। गुप्ता बंधुओं के खिलाफ सरकारी कंपनियों के साथ मिलीभगत को लेकर अरबों रुपये के घपले की जांच चल रही है।
 
Tags

गुंजन कुमार

गुंजन कुमार (ब्‍यूरो प्रमुख)
प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक से ज्‍यादा का अनुभव। 'दैनिक हिंदुस्तान' से पत्रकारिता का प्रशिक्षण प्राप्त कर 'हरिभूमि' में कुछ समय तक दिल्ली की रिपोर्टिंग की। इसके बाद साप्ताहिक 'दि संडे पोस्ट' में एक दशक से ज्यादा समय तक घुमंतू संवाददाता के रुप में काम किया। कई रिपोर्टों पर सम्मानित हुए। उसके बाद पाक्षिक पत्रिका 'यथावत' से जुड़े। वर्तमान में ‘युगवार्ता’ पत्रिका में बतौर ब्‍यूरो प्रमुख कार्यरत हैं।