एकता और अखंडता हो मजबूत : भारतीय सवर्ण संघ

रामजी तिवारी     16-Apr-2023
Total Views |
 
भारतीय सवर्ण संघ
 
सनातन धर्म की रक्षा, केवल शिक्षा में आर्थिक आधार पर आरक्षण, समाज में समरसता, एकता और अखंडता जैसे समाज को संगठित करने वाले मुद्दों पर भारतीय सवर्ण संघ के केंद्रीय कार्यकारिणी की वैचारिक मंथन बैठक हुई। इस बैठक का आयोजन लोधी रोड स्थित रमण केंद्र, दिल्ली में किया गया।
बैठक में भारतीय सवर्ण संघ के कई पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस वैचारिक मंथन कार्यक्रम में भारतीय सवर्ण संघ के संस्थापक दण्डी स्वामी राम देवानन्द सरस्वती जी महाराज ने कई उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
 उन्होंने कहा कि शिक्षा में केवल आर्थिक आधार पर आरक्षण होना चाहिए। इससे प्रतिभा का हनन नहीं होगा। सबसे महत्वपूर्ण उन्होंने कहा कि भारतीय सवर्ण संघ, राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन की मांग करता है। जब राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग व अन्य वर्गों का हो सकता है तो राष्ट्रीय सवर्ण आयोग क्यों नहीं? जिससे सवर्णों के अधिकारों को एक आवाज मिल सके।
 इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव राधेश्याम तिवारी उर्फ साधू तिवारी ने हिंदू मंदिरों और मठों से सरकार का नियंत्रण समाप्त हो, इसकी भी मांग की। देश की एकता और अखंडता का आवाहन किया।इस कार्यक्रम में समाज हित में दहेज मुक्त विवाह पर भी बल दिया।
इसके अलावा साधु तिवारी ने संगठन के विस्तार और संघ की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कोई संगठन तभी चल सकता है जब संगठन के प्रत्येक सदस्य में जीवटता हो। साथ ही एक दूसरे की सहयोग करने की भावना निस्वार्थ रूप से प्रबल हो। यदि हम ऐसा करने में सफल होते हैं तो आने वाले समय में भारतीय सवर्ण संघ अपने उद्देश्य को हासिल करने में निश्चित तौर पर सफल होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय सवर्ण संघ अपनी क्षमता के अनुसार देश में निशुल्क कानूनी सहायता से लेकर यथाशक्ति आर्थिक मदद भी लोगों के लिए करता रहा है। इस काम में संघ के विभिन्न पदाधिकारी सहयोग दे रहे हैं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन प्रभारी ठाकुर बी जी एस राणा ने कहा भारतीय सवर्ण संघ के सभी पदाधिकारी शहर से गांव जिले मंडल में चौपाल लगाकर घर घर जाकर सदस्यता अभियान करेंगे।
कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, महासचिव जुगलकिशोर राष्ट्रीय संयोजक महिला प्रकोष्ठ अर्चना मिश्रा, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरन सिंह, महाराष्ट्र अध्यक्ष रामलिंगम ढाले, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एड तरुण शर्मा, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष विमल मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील पाल सिंह व सत्यनारायण पाण्डे व आंध्रप्रदेश तेलंगाना के प्रदेश पदाधिकारी समेत सैकड़ो लोग मौजूद रहे। 
 
Tags