गुजरात में भूपेन्द्र सरकार के मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

युगवार्ता    16-Oct-2025
Total Views |
મુખ્યમંત્રી ભુપેન્દ્ર પટેલ


गांधीनगर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात में गुुरुवार को भूपेंद्र सरकार में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम हुआ। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में हुई बैठक में राज्य मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए।

मुख्यमंत्री पटेल शाम को राज्यपाल को नए मंत्रिमंडल की सूची सौंपेंगे और कल सुबह 11:30 बजे महात्मा मंदिर में शपथ ग्रहण समारोह होगा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत सभी मंत्रियों को शपथ दिलाएँगे।

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुनील बंसल गुजरात पहुँच गए हैं। उन्होंने सर्किट हाउस में संगठन महामंत्री रत्नाकर और गांधीनगर शहर भाजपा अध्यक्ष आशीष दवे से मुलाकात की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मुंबई से लौट आए हैं। साथ ही ज़्यादातर विधायक विधायक निवास पर पहुँच गए हैं।

आज रात 8 बजे मुख्यमंत्री आवास पर एक अहम बैठक होगी। मुख्यमंत्री हाउस में होने वाली इस बैठक में सभी विधायक मौजूद रहेंगे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सभी विधायकों को संबोधित करेंगे। सीएम हाउस में होने वाली इस बैठक में ही मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए मंत्रियों की जानकारी दी जाएगी।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए महात्मा मंदिर में तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और राजनीतिक मेहमानों के आगमन की भी पूरी तैयारी की जा रही है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस्तीफा देने वाले कुछ मंत्रियों को दोबारा मंत्री बनाया जा सकता है। इनमें से कुछ को पदोन्नति भी दी जा सकती है और कुछ के विभाग बदले जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Abhishek Barad

Tags