गांधीजी और शास्त्रीजी को मोदी और बिरला ने दी श्रद्धांजलि

युगवार्ता    02-Oct-2025
Total Views |
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शास्त्रीजी की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी और लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने संसद भवन स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में गांधीजी और शास्त्रीजी के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल सहित कई सांसदों, पूर्व सांसदों ने भी दोनों दिवंगत नेताओं को याद किया और श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला राजघाट पहुंचे और वहां भी महात्मा गांधी को नमन किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का संपूर्ण जीवन मानवता के लिए एक अमर संदेश है। उनके विचार और शिक्षाएं आज भी सामाजिक, राजनीतिक और नागरिक जीवन को दिशा देती हैं। बिरला ने कहा कि बापू ने अपने सादगीपूर्ण जीवन से यह दिखाया कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर भी बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं।

ओम बिरला ने लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि देश उनके अटूट देशभक्ति, दृढ़ संकल्प और सादगी के लिए उन्हें हमेशा याद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश के लिए प्रेरणा है।

लोकसभा अध्यक्ष ने एक्स पर लिखा कि गांधीजी के सशक्त मूल्यों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी और उनके आह्वान पर करोड़ों भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने यह भी कहा कि शास्त्रीजी ने अपने सरल जीवन और मजबूत इच्छाशक्ति से देशवासियों का दिल जीता और राष्ट्र को नई ऊर्जा दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags