मैसूर, 2 अक्टूबर (हि.स.)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार शाम शुभ मुहुर्त में चामुंडेश्वरी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर विश्व प्रसिद्ध मैसूर दशहरा जंबू सवारी का शुभारंभ किया। दशहरा जुलूस में हाथी अभिमन्यु पर 750 किलोग्राम सोने के सुसज्जित अम्बारी में देवी चामुंडी
विराजमान हैं। मेले में बड़ी संख्या में शामिल लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर प्रबंध किये हैं।
आज शाम 4.42 से 5.06 बजे तक के शुभ कुंभ लग्न में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दशहरा मेले के जुलूस का आगाज किया। इस दौरान उनके साथउपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, जिला प्रभारी मंत्री डॉ. एचसी महादेवप्पा, सांसद यदुवीर कृष्णदत्त चामराज वोडेयार, कन्नड़ एवं संस्कृति विभाग मंत्री शिवराज तंगडगी, जिला कलेक्टर जी. लक्ष्मीकांत रेड्डी और पुलिस आयुक्त सीमालटकर ने अम्बा विलास पैलेस के सामने चामुंडेश्वरी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर जंबू सवारी का शुभारंभ किया। दशहरा जुलूस में अभिमन्यु नामक हाथी पर 750 किलोग्राम सोने के सुसज्जित सिंहासन पर देवी चामुंडी विराजमान हैं। दशहरा के जंबू सवारी में विभिन्न कला मंडलियों की कुल 57 झांकियां शामिल हैं। शोभायात्रा मार्ग में 140 से अधिक कला मंडलियां शामिल हैं। यह जुलूस उत्तरी द्वार से शुरू होकर केआर सर्किल, सय्याजीराव रोड, सरकारी आयुर्वेद सर्किल, बांस बाजार, हाईवे सर्किल से होते हुए बन्नीमंतप पंजिम परेड ग्राउंड पहुंचेगा। इस जुलूस में धनंजय, कावेरी, रूपा, कुमकी, गोपी नौफट, श्रीकांत, लक्ष्मी, महेंद्र, भीम, कंजन, एकलव्य, प्रशांत, सुग्रीव और हेमावती नाम के हाथी भी शमिल हैं। इसके अलावा जुलूस में नृत्य और संगीत कार्यक्रम भी आकर्षण बढ़ा रहे हैं। अम्बारी में विराजमान देवी चामुंडी के दर्शन के लिए महल के प्रांगण में 48 हजार लाेगाें के बैठने की व्यवस्था की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा