शीतकाल के लिए 23 अक्टूबर को बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

युगवार्ता    02-Oct-2025
Total Views |
फोटो यमुनोत्री धाम के


उत्तरकाशी, 2 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चार धामों में से एक यमुनोत्री धाम के कपाट 23 अक्टूबर को यम द्वितीया भैया दूज के पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद मां यमुनाजी के दर्शन व पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरशाली में होंगे।

विजयदशमी के अवसर पर श्री पंच यमुनोत्री मंदिर समिति ने कपाट बंद करने की तिथि व समय गुरुवार को घोषित किया। समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि 23 अक्टूबर, गुरुवार, कार्तिक शुक्ल सप्तमी को 12 बजकर 30 मिनट पर विशाखा नक्षत्र, आयुष्मान योग और अमृत बेला में मां यमुना के कपाट बंद किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कपाट बंद होने के पश्चात परंपरा अनुसार समेश्वर देवता की डोली की अगुवाई में मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास खरशाली स्थित यमुना मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। यहां आगामी छह माह तक मां यमुना की पूजा-अर्चना व दर्शन संभव होंगे।

इस अवसर पर मंदिर समिति उपाध्यक्ष संजीव उनियाल, कृतेश्वर उनियाल, भानुकर उनियाल, विजय प्रकाश और पुजारी महावीर उनियाल, दिव्यांशु सहित कई श्रद्धालु व पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

Tags