(अपडेट) राज्यपाल ने बाबा केदार और बदरी विशाल की पूजा-अर्चना की

युगवार्ता    21-Oct-2025
Total Views |
उत्तराखंड राज्यपाल  केदारनाथ धाम।


उत्तराखंड के राज्यपाल बदरीनाथ धाम में।


-राज्यपाल ने बाबाकेदार से मांगा विश्व कल्याण और मानवता की समृद्धि का आशीर्वाद

-बदरीनाथ धाम में राज्यपाल ने मास्टर प्लान के कार्यों की डीएम से ली जानकारी

देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंचे। राज्यपाल ने पहले बाबा केदार के दर्शन कर रुद्राभिषेक किया। इसके बाद राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर बाबा बदरी विशाल के दर्शन किए और विशेष पूजा की। राज्यपाल ने विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और उत्तराखंड के सतत विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।

राज्यपाल गुरमीत सिंह मंगलवार सुबह 8.45 केदारनाथ धाम पहुंचने

पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने हेलीपैड पर उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने भगवान केदारनाथ का अभिषेक, पूजन-अर्चना किया और मानव कल्याण और राज्य की उन्नति की मनाैती मांगी। यहां राज्यपाल ने कहा कि केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है। इस पवित्र भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है। पूजन के उपरांत राज्यपाल ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और बाबा के जयकारे लगाए। उन्हाेंने धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जानकारी प्राप्त की। इस माैके पर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी मंदिर समिति विजय थपलियाल, उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला, केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, महामंत्री राजेंद्र तिवारी, मंत्री अंकित प्रसाद सेमवाल आदि थे।

इसके बाद राज्यपाल बाबा बद्रीविशाल के धाम पहुंचे। यहां पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने बाबा बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा अर्चना की।

इस मौके पर राज्यपाल ने जिलाधिकारी से धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने उन्हें मास्टर प्लान के कार्यों की जानकारी दी। राज्यपाल ने सिविक एमीनिटी सेंटर, सिविक कम्युनिटी सेंटर, अराइवल प्लाजा और हॉस्पिटल बिल्डिंग की प्रगति पर संतोष जताया, और मास्टर प्लान के कार्यों की सराहना की।

इस नमौके पर राज्यपाल ने कहा कि यहां जिस तरह का विकास हो रहा है वह हमें आत्मनिर्भर भारत की ओर ले जा रहा है। इस दौरान राज्यपाल ने कार्यदायी संस्था को मास्टर प्लान के कार्यों की प्रगति की फोटो सहित डॉक्यूमेंटेशन तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शेष नेत्र और बद्रीश झील दोनों लेक की सफाई व्यवस्था सुचारू रखने और आस्था पथ पर जितना लाइट इत्यादि का कार्य है उसे मेंटेन रखने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त राज्यपाल ने चार धाम व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन की प्रशंसा की और यह भी कहा कि यहां पर पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति का एक अच्छा समन्वय देखने को मिला। साथ ही उन्होंने इस कार्य में लगे सभी मंदिर समिति के सदस्य, पंडा, पुरोहित, पुलिस फोर्स और प्रशासन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई दी।

राज्यपाल ने सभी भारतीयों सहित विश्व के लोगों से बदरीनाथ धाम में दर्शन लाभ प्राप्त करने की बात कही। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से यह भी कहा कि आगे भी इसी तरह व्यवस्थाओं को सुचारू रखा जाए, जिससे आने वाले तीर्थयात्रियों को सुगमता से भगवान बदरी विशाल के दर्शन लाभ मिल सकें।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, बीकेटीसी के प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद पोखरियाल

Tags