गंगोत्री - यमुनोत्री धाम के अभीतक 1401218 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तरकाशी, 21 अक्टूबर (हि.स.)।
उत्तराखंड चारधाम यात्रा की शीतकालीन कपाट बंद होने की तैयारियां पूरी हो चुकी है। इस बार गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट के मौके पर 22 अक्टूबर को ठीक 11:36 मिनट पर बंद होगा। इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में पिछले वर्ष कुछ अपेक्षा में कम यात्री पहुंचे। अब तक दोनों धामों में 14,01,218 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार यमुनोत्रीधाम के कपाट 12:30 मिनट केदारनाथ के कपाट 8:30 बजे भैया दूज के पावन पर्व पर 23 अक्टूबर को दोनों धाम के कपाट बंद होने हैं, तो वहीं 25 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट देश विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए जायेंगे। इस साल यमुनोत्री धाम में 6,44,208 और गंगोत्री धाम में 7,57,010 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य अर्जित किया है।
गौरतलब है कि इस बार आपदा के चलते चार धाम यात्रा प्रभावित हुई है। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके बाद श्रद्धालु शीतकाल के छह माह तक मुखबा में मां गंगा और खरसाली में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल