छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने साइबर ठगी के आठ आरोपितों को मुंबई के डोंबिवली से किया गिरफ्तार

युगवार्ता    27-Oct-2025
Total Views |
खैरागढ़ पुलिस ने सायबर ठगी करने वाले आठ आरोपितों को किया पेश


राजनांदगांव/रायपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का सोमवार को खुलासा किया है। खैरागढ़ पुलिस के लिए अब तक की ये बड़ी कार्रवाई है। जिसके तहत पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह को साइबर सेल की मदद से पर्दाफाश किया है। जिसे मुंबई के डोंबिवली के द्वारा ऑपरेट किया जा रह था। पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड सहित 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 5 लैपटॉप, 14 एंड्रॉयड मोबाइल, 51 बैंक पासबुक, 51 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक और 25 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।

राजनांदगांव आईजी अभिषेक शांडिल्य ने सोमवार को मीडिया को बताया कि खैरागढ़ पुलिस ने मुंबई के डोंबिवली और कल्याण क्षेत्र से संचालित एक अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह ऑनलाइन शॉपिंग और बेटिंग ऐप के जरिए देशभर में लोगों से ठगी कर रहा था।उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला तब सामने आया जब खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा वसुधा सिन्हा ने 22 अगस्त 2025 को साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। छात्रा ने इंस्टाग्राम पर “फर्जी चिकनकारी साड़ी” बेचने वाली एक ऑनलाइन साइट से साड़ी ऑर्डर की थी। भुगतान के नाम पर उससे ₹64,100 की ठगी की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर, बैंक खातों और सोशल मीडिया गतिविधियों की तकनीकी जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर और बैंक खातों की लोकेशन महाराष्ट्र के डोंबिवली क्षेत्र से जुड़ी है। पुलिस को यहां एक संगठित साइबर गिरोह के सक्रिय होने के ठोस सबूत मिले। यह गिरोह न केवल ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड में शामिल था, बल्कि ‘100 बुक ’ नामक गेमिंग और बेटिंग ऐप के जरिए भी लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहा था।पुलिस टीम ने लगातार 7 दिन तक मुंबई में कैंप कर रेकी की और डिलीवरी बॉय बनकर आरोपितों के ठिकाने तक पहुंची। खैरागढ़ पुलिस ने मुंबई के उपनगर डोंबिवली के रिहायशी इलाके में एक साथ छापा मारकर सभी आठों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच में खुलासा हुआ कि उन्होंने 100 से अधिक फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का उपयोग कर अब तक 50 करोड़ से ज्यादा का लेन-देन किया है।

खैरागढ़ पुलिस ने इस कार्रवाई में आरोपितों गौतम पंजाबी, पवन सुरूसे, विनायक मोरे, अमित मोरे, रामचंद्र चौके, अमोल दिवनाने, अभिषेक डंबडे और मनोज मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 5 लैपटॉप 14 एंड्रॉयड मोबाइल, 51 बैंक पासबुक, 51 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक, 25 सिम कार्ड बरामद किए हैं।सभी आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर खैरागढ़ लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह संगठित अपराध और जुआ अधिनियम के तहत जांच के दायरे में है। आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags