(लीड) मप्र के जबलपुर में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक का शुभारंभ

युगवार्ता    30-Oct-2025
Total Views |
संघ की 3 दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक प्रारंभ,  संगठन, जनसंपर्क,सामाजिक समरसता,वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर चल रहा मंथन


संघ की 3 दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक प्रारंभ


Rss4


Rss3


Rss2


Rss1


जबलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के कचनार क्लब क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर बैठक का शुभारंभ किया।संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ठाकुर ने मीडिया को बताया कि बैठक के शुभारंभ के बाद उन सभी प्रमुख सामाजिक एवं राजनीतिक विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिनका हाल में देवलोकगमन हुआ है। इनमें प्रमुख रूप से राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिला ताई, वरिष्ठ प्रचारक मधुभाई कुलकर्णी, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा, पूर्व राज्यपाल एल. गणेशन, गीतकार पीयूष पाण्डेय, फ़िल्म अभिनेता सतीश शाह, पंकज धीर, हास्य अभिनेता असरानी, असम के प्रसिद्ध संगीतज्ञ जुबिन गर्ग को याद किया गया।उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस बैठक में संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य, सभी 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक एवं अन्य पदाधिकारी सहित कुल 407 कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। बैठक में शनिवार तक सामाजिक समरसता और संगठन विस्तार के साथ ही राष्‍ट्रीय हित से जुड़े विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।उन्होंने बताया कि बैठक के आरंभ में पहलगाम में मारे गए पर्यटकों, एयर इंडिया हादसे, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब सहित देश के अन्य भागों में प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के प्रति भी श्रद्धासुमन अर्प‍ित किए गए। इसके बाद बैठक में पंच परिवर्तन के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं विमर्श आरंभ कर दिया गया है। यहां देश के विभिन्न भागों में आई प्राकृतिक आपदाओं में समाज के सहयोग से स्वयंसेवकों द्वारा किये गए सेवा कार्यों की भी जानकारी दी गई।बैठक में श्री गुरुतेग बहादुर के 350वें बलिदान, बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और 'वंदेमातरम' रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर वक्तव्य जारी किए जाएंगे तथा कार्यक्रमों की चर्चा भी होगी। वहीं संघ के शताब्दी वर्ष में होने वाले गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, सद्भाव बैठक, प्रमुख जनसंगोष्ठी की तैयारी पर भी चर्चा होगी। साथ ही विजयादशमी उत्सवों की समीक्षा होगी तथा वर्तमान परिस्थिति पर भी चर्चा होगी।उल्‍लेखनीय है कि यहां व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत समाज के हर वर्ग तक संघ के विचारों और रचनात्मक कार्यों को पहुंचाने के लिए एक विशाल जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसमें युवाओं और महिलाओं को जोड़ने की रणनीति पर विशेष बल दिया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक समरसता को लेकर विभिन्न सामाजिक चुनौतियों और समरसता बनाए रखने के प्रयासों पर चर्चा होगी। बैठक में देश की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों के संचालन और नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह बैठक हर साल दिपावली पर्व के आसपास होती है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Tags