ग्रेट वॉल ऑफ चाइना पर नाम और आकृति उकेरने का मोह पर्यटक जोड़े को महंगा पड़ गया

युगवार्ता    05-Oct-2025
Total Views |
चीन की दीवार पर आकृति उकेरने के आरोप में दो पर्यटक गिरफ्तार


बीजिंग, 5 अक्टूबर (हि.स.)।पर्यटक स्थलों या सार्वजनिक जगहों पर अपना या अपने मित्र का नाम अथवा खास किस्म की आकृति उकेरने की प्रवृत्ति अक्सर देखी जाती है।भारत सहित दूसरे देशों के लोग भी इस प्रवृत्ति के मारे हैं। हालांकि चीन में ऐसी हरकत करने वाले एक पर्यटक जोड़े को ऐसा करना महंगा पड़ गया।इस जोड़े ने यूनेस्को की विश्व विरासत स्थल में शामिल चीन की दीवार पर अपने-अपने नाम और खास किस्म की आकृति उकेरी।जांच में शिकायत सही पाए जाने पर इस जोड़े को न केवल हिरासत में लिया गया बल्कि उनपर भारी भरकम जुर्माना भी ठोका गया।

ग्लोबल टाइम्स की एक खबर के मुताबिक बीजिंग नगर निगम लोक सुरक्षा ब्यूरो की मियोन शाखा ने रविवार को अधिसूचना जारी कर बताया कि चीन की दीवार की ईंटों पर अक्षर उकेरने वाले दो पर्यटकों को हिरासत में लिया गया है और उन पर जुर्माना लगाया गया है। बीजिंग के एक कर्मचारी ने शुक्रवार को पुलिस से इसकी शिकायत की जिसमें बताया गया था कि पर्यटकों ने महान दीवार के सिमाताई खंड पर भ्रमण के दौरान अक्षर उकेरे थे।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण और विस्तृत जाँच कर शनिवार सुबह दो पर्यटकों मान (पुरुष, 26) और लियू (महिला, 21) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि दोनों पर्यटकों ने शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे दर्शनीय क्षेत्र में अपनी यात्रा शुरू की और शाम लगभग 4:30 बजे, मान ने लियू के सुझाव पर पत्थरों का उपयोग करके महान दीवार के एक टॉवर पर उनके नाम उकेरे और कुछ आकृतियाँ भी बनाईं। मियोन पुलिस ने मान और लियू पर नजरबंदी और जुर्माना सहित प्रशासनिक दंड लगाया है।

पुलिस ने पर्यटकों को सांस्कृतिक अवशेषों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने, सभ्य पर्यटक का तौर तरीका अपनाने और महान दीवार की यात्रा के दौरान अपशेषों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचने को कहा है।

उल्लेखनीय है कि ग्रेट वॉल ऑफ चाइना के नाम से विख्यात चीन की दीवार, उत्तरी चीन में स्थित है। 7वीं शताब्दी ईसा पूर्व मंगोलों के आक्रमण से बचने के लिए इसका निर्माण किया गया था। इसकी कुल लंबाई लगभग 21,196 किलोमीटर है। यह मिट्टी और पत्थरों से बनी है और इसमें सैनिकों के लिए वॉच टावर, गुप्त दरवाजे और सुरंगें हैं। यूनेस्को के विश्व विरासत स्थल की सूची में शामिल चीन की दीवार पर्यटकों के लिए सबसे प्रसिद्ध और आकर्षक स्थलों में से एक है।

------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

Tags