अरुण बने झारखंड अंडर-19 क्रिकेट टीम के मैनेजर

युगवार्ता    10-Nov-2025
Total Views |
अरुण मूंधड़ा


पश्चिमी सिंहभूम, 10 नवंबर (हि.स.)।

झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) ने चाईबासा के वरिष्ठ खेल प्रबंधक और पूर्व क्रिकेटर अरुण मूंधड़ा (जिप्पी) को बीसीसीआई की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित कूच बिहार ट्रॉफी के लिए झारखंड अंडर-19 टीम का मैनेजर नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए गर्व का विषय है।

चाईबासा के यूरोपियन क्वार्टर निवासी अरुण मूंधड़ा लंबे समय से क्रिकेट से जुड़े हुए हैं और वे पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ तथा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ दोनों के आजीवन सदस्य हैं। पूर्व क्रिकेटर रहे मूंधड़ा को क्रिकेट प्रशासन और प्रबंधन का लंबा अनुभव है। उन्होंने कई वर्षों तक पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया है और जिले में क्रिकेट के विकास के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है।

यह दूसरा अवसर है जब जेएससीए

ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले वर्ष 2009-10 में वे विवेक सिंह की कप्तानी वाली झारखंड अंडर-16 टीम के मैनेजर रह चुके हैं। उस दौरान टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था, और उसी अनुभव के आधार पर इस बार फिर उन्हें अंडर-19 टीम के साथ कार्य करने का मौका मिला है।

अरुण मूंधड़ा की नियुक्ति पर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा और महासचिव असीम कुमार सिंह ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह न केवल मूंधड़ा बल्कि पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है। दोनों पदाधिकारियों ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और सचिव का आभार जताया है कि उन्होंने जिले से एक अनुभवी क्रिकेट प्रशासक पर भरोसा जताया।

अरुण मूंधड़ा 13 नवम्बर को रांची से हवाई मार्ग के जरिए राजकोट के लिए रवाना होंगे, जहां झारखंड टीम अपना पहला मुकाबला 16 नवम्बर से सौराष्ट्र के विरुद्ध खेलेगी। लगभग एक माह तक चलने वाली कूच बिहार ट्रॉफी (एलिट ग्रुप) के तहत झारखंड टीम सौराष्ट्र, हैदराबाद, बड़ौदा, केरल और पंजाब के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।

इस बार झारखंड अंडर-19 टीम में पश्चिमी सिंहभूम जिले के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों — साकेत कुमार सिंह और गौरव सिंह — का भी चयन हुआ है। इन दोनों खिलाड़ियों के चयन और अरुण मूंधड़ा की नियुक्ति से जिले के खेल प्रेमियों और क्रिकेट समुदाय में उत्साह का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि अरुण मूंधड़ा का अनुभव और नेतृत्व झारखंड अंडर-19 टीम के प्रदर्शन में सकारात्मक ऊर्जा भरने का काम करेगा। पश्चिमी सिंहभूम अब राज्य क्रिकेट में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है, जो जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों के लिए प्रेरणादायक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Tags