बिहार विधानसभा चुनाव : 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मंगलवार होगा मतदान

युगवार्ता    10-Nov-2025
Total Views |
बिहार चुनाव को लेकर फाइल फोटो ,निर्वाचन आयोग की


पटना, 10 नवम्बर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए मंगलवार को 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस चरण में 122 विधानसभा क्षेत्रों में से 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति के लिए, जबकि दो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। चुनाव आयोग ने कहा कि मतदान के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

चुनाव आयोग की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, इस चरण में लगभग 3,70,13,556 (तीन करोड़ सत्तर लाख तेरह हजार पांच सौ छप्पन) पंजीकृत मतदाता हैं,जिनमें 10,21,812 (दस लाख इक्कीस हजार आठ सौ बारह) नए मतदाता शामिल हैं। 1,95,56,899 (एक करोड़ पंचानवे लाख छप्पन हजार आठ सौ निन्यानवे) मतदाता पुरुष हैं, जिनमें 5,28,954 (पांच लाख अट्ठाइस हजार नौ सौ पंचानवे) नए पुरुष मतदाता शामिल हैं, जिन्हें मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद रोल में जोड़ा गया है। इसी प्रकार, 1,70,68,572 (एक करोड़ सत्तर लाख अरसठ हजार पांच सौ बहत्तर) महिला मतदाता पहले से ही सूची में हैं, जिनमें 4,92,839 (चार लाख बानवे बजार आठ सौ उनतालीस ) नई महिला मतदाता शामिल हैं, जिन्हें सूची में जोड़ा गया है। थर्ड जेंडर के मतदाता 943 हैं, जिनमें 90 नए शामिल हैं। कुल 7,69,356 मतदाता 18-19 आयु वर्ग के हैं।

चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के मतदान के लिए 45,399 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 5,326 शहरी क्षेत्रों में और 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 595 मतदान केंद्र पूरी तरह से महिलाओं द्वारा प्रबंधित होंगे, 91 दिव्यांगजनों द्वारा प्रबंधित होंगे और 316 को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में नामित किया गया है। सभी 45,399 मतदान केंद्रों पर वेब-कास्टिंग की सुविधा होगी।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में साल 2020 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 66 सीटों पर, तो महागठबंधन 49 सीटों पर कब्जा जमाया था। वहीं, एआईएमआईएम के खाते में 5, बसपा ने 1 और निर्दलीय के खाते में 1 सीट गई थी। इस चरण में जिन 122 सीटों पर चुनाव है, उनमें सबसे अधिक 42 सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। इसके अलावा राजद के पास 33, जदयू के पास 20, कांग्रेस के पास 11, भाकपा माले के खाते में पांच सीट हैं और हम की सभी चार सीटें शामिल हैं।

दूसरे चरण में जिन 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होना है उनमें पूर्वी चंपारण में सबसे अधिक 12 सीटें हैं। गयाजी और मधुबनी जिले में 10-10 सीटों पर मतदान होना है, जबकि पश्चिमी चंपारण की 9, सीतामढ़ी की 8 सीटें सीटें हैं। रोहतास, भागलपुर ,पूर्णिया और कटिहार की 7-7, औरंगाबाद, अररिया में 6-6 सीटों के लिए चुनावी जंग होगी। नवादा, बांका और सुपौल में 5-5 सीटों पर, वहीं कैमूर, जमुई, किशनगंज में 4-4 सीटों के लिए मतदान होना है। जहानाबाद की 3 सीटों पर चुनाव है। अरवल में 2 सीटों पर और शिवहर में 1 सीट पर मतदान होना है।

20 जिलों की 122 विधानसभा सीटें

1.पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) (12 सीटें): रक्सौल, सुगौली, नरकटिया, हरसिद्धि, गोबिन्दगंज, केसरिया, कल्याणपुर, पीपरा, मोतिहारी, मधुबन, चिरैया, ढाका ।

2.गयाजी (10 सीटें): बेलागंज, गया टाउन, बोधगया, टिकारी, शेरघाटी, बाराचट्टी (एसी), अतरी, इमामगंज (एससी), गुरुवा, वजीरगंज।

3.मधुबनी (10 सीटें): हरलाखी, बेनीपट्टी, खजौली, बाबूबरही, बिस्फी, मधुबनी, राजनगर, झंझारपुर, फुलपरास, लौकहा।

4.पश्चिमी चंपारण (बेतिया) (9 सीटें): वाल्मीकिनगर, रामनगर, नरकटियागंज, बगहा, लौरिया, नौतन, चनपटिया, बेतिया, सिकटा।

5.सीतामढ़ी (8 सीटें) : बेलसंड, बथनाहा (एससी), परिहार, सुरसंड, रीगा, सीतामढ़ी, रून्नीसैदपुर, बाजपट्टी।

6.रोहतास (7 सीटें): नोखा, डेहरी, काराकाट, करगहर, सासाराम, चेनारी, दिनारा।

7.भागलपुर (7 सीटें): बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती (एससी), कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, नाथनगर।

8.पूर्णिया (7 सीटें) : अमौर, कसबा, बनमनखी (एससी), रूपौली, धमदाहा, पूर्णिया, बायसी।

9.कटिहार (7 सीटें): बरारी, कोढ़ा, कटिहार, कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी।

10.अररिया (6 सीटें): नरपतगंज, रानीगंज (एससी), फारबिसगंज, अररिया, जोकीहाट, सिकटी।

11.औरंगाबाद (6 सीटें): गोह, ओबरा, नवीनगर, कुटुम्बा (एससी), औरंगाबाद, रफीगंज।

12.नवादा (5 सीटें): हिसुआ, नवादा, गोविंदपुर, वारसलीगंज, रजौली (एससी)।

13.बांका (5 सीटें): बांका, अमरपुर, कटोरिया (एसटी), धोरैया (एससी), बेलहर।

14.सुपौल (5 सीटें): त्रिवेणीगंज (एससी), छातापुर, निर्मली, सुपौल, पिपरा।

15.कैमूर (4 सीटें): चैनपुर, मोहनिया, भभुआ, रामगढ़।

16.किशनगंज (4 सीटें): ठाकुरगंज, किशनगंज, बहादुरगंज, कोचाधामन (एससी)।

17.जमुई (4 सीटें): सिकंदरा (एससी), जमुई, झाझा, चकाई।

18.जहानाबाद (3 सीटें): जहानाबाद, मखदुमपुर (एससी), घोसी।

19.अरवल (2 सीटें): अरवल, कुर्था।

20.शिवहर (1 सीट): शिवहर।

दूसरे चरण में कुल 1302 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राजद ने सबसे अधिक 71, भाजपा ने 53, जदयू 44, कांग्रेस 37, लोजपा (आर) 15, वीआईपी 08, भाकपा माले और हम 6-6, आरएलएम और भाकपा 4-4 हैं। वहीं मापका ने एक उम्मीदवार पर दांव लगाया है।

कौन-कौन दिग्गज मैदान में

दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के सुपौल से बिजेंद्र यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, अमरपुर से जयंत राज, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, बेतिया से रेणु देवी, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान हैं। इसके अलावा महागठबंधन की तरफ से राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कटिहार की कदवा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद, कांग्रेस के अजीत शर्मा (भागलपुर) से और भाकपा(एमएल) से विधायक दल के नेता महबूब आलम चुनावी जंग में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Tags