(लीड) विस उपचुनावः सात राज्यों की आठ सीटों पर मतदान मंगलवार को

युगवार्ता    10-Nov-2025
Total Views |

नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा के दूसरे एवं अंतिम चरण के चुनाव के साथ ही मंगलवार को देश के सात राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की कुल आठ सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान होगा। इनमें झारखंड, राजस्थान, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, मिजोरम की एक-एक सीट और जम्मू-कश्मीर की दो सीटें शामिल हैं। मतों की गणना 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के साथ ही होगी।चुनाव आयोग के मुताबिक, ये उपचुनाव सदस्यों के इस्तीफे, निधन या अयोग्यता के चलते रिक्त हुई सीटों को भरने के लिए कराए जा रहे हैं। इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनें लगाई गई हैं। मतदाताओं को अपने मतदाता पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। सभी स्ट्रॉन्ग रूम्स में सीसीटीपी कैमरे सक्रिय हैं और किसी भी गड़बड़ी की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की दो सीटों- बडगाम और नगरोटा में मतदान होगा। बडगाम में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के आगा महमूद का सामना पीडीपी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर मेहदी और आम आदमी पार्टी की दीबा खान से है। यह सीट उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के बाद रिक्त हो गयी थी, जिन्होंने गंदेरबल सीट अपने पास रखी है। नगरोटा में एनसी की शमीम बेगम और भाजपा की देवयानी रानी के बीच मुख्य मुकाबला है। कांग्रेस ने एनसी के पक्ष में अपना उम्मीदवार वापस ले लिया है। इस सीट पर भाजपा को पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद नुकसान झेलना पड़ा था। आम आदमी पार्टी ने यहां जोगिंदर सिंह को उम्मीदवार बनाया है।राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई है। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा की ओर से मोरपाल सुमन चुनौती दे रहे हैं। यह सीट भाजपा विधायक कंवर लाल मीणा के अयोग्य घोषित होने के बाद खाली हुई थी। अंता में करीब 2.38 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। यह मुकाबला मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा माना जा रहा है।झारखंड के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन का सामना भाजपा समर्थित बाबूलाल सोरेन से है, जो पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र हैं। इस उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। घाटशिला में लगभग 1.96 लाख मतदाता हैं, जिनमें ग्रामीण और आदिवासी वोट निर्णायक भूमिका निभाएंगे।ओडिशा की नुआपाड़ा सीट पर भाजपा के जय ढोलकिया, बीजद की स्नेहांगिनी छुरिया और कांग्रेस के घासीराम माझी आमने-सामने हैं। राज्य में सत्ता विरोधी लहर और स्थानीय मुद्दे दोनों ही इस उपचुनाव को रोचक बना रहे हैं। नुआपाड़ा में 2.12 लाख मतदाता हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।हैदराबाद की प्रतिष्ठित जुबली हिल्स सीट पर बीआरएस की सुनीता (पूर्व विधायक गोपीनाथ की विधवा), कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग नेता नवीन यादव और भाजपा उम्मीदवार लंकाला दीपक रेड्डी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। प्रचार के दौरान बीआरएस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली।पंजाब की तरनतारन सीट पर उपचुनाव आम आदमी पार्टी विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद हो रहा है। इस सीट पर भाजपा के हरजीत सिंह संधू, कांग्रेस के करणबीर सिंह बुर्ज और आआपा के हरमीत सिंह संधू के बीच त्रिकोणीय संघर्ष है। यह सीट सीमावर्ती क्षेत्र में आती है, जहां करीब 1.75 लाख मतदाता हैं।मिजोरम की डम्पा सीट पर भाजपा के लालमिंगथांगा सैलो, कांग्रेस के जॉन रोटलुआंगलियाना, मिजो नेशनल फ्रंट के आर. लालथांगलियाना और जेडपीएम के वनलालसैलोवा के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags