श्रीलंका के पूर्व मंत्री प्रसन्ना रणतुंगा भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार

युगवार्ता    12-Nov-2025
Total Views |
कोलंबो में आज सुबह प्रसन्ना रणतुंगा को रिश्वतखोरी आयोग के मुख्यालय में गिरफ्तार किया गया। फोटो - डेली न्यूज


कोलंबो, 12 नवंबर (हि.स.)। श्रीलंका के पूर्व मंत्री प्रसन्ना रणतुंगा को आज भ्रष्टाचार-रोधी आयोग के मुख्यालय के अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। वह सुबह बयान देने के लिए पेश हुए। बयान देने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने उनसे श्रीलंका बीमा निगम में हुए घोटाले पर पूछताछ शुरू की।

कोलंबो के न्यूज फर्स्ट पोर्टल के अनुसार, पूर्व मंत्री रणतुंगा को रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार की जांच करने वाले आयोग (सीआईएबीओसी) के अधिकारियों ने बयान देने के कुछ ही देर बाद हिरासत में ले लिया। आयोग के सूत्रों के अनुसार, यह गिरफ्तारी उनके कैबिनेट मंत्री के कार्यकाल के दौरान हुए एक भ्रष्टाचार के मामले से जुड़ी है। रणतुंगा आज इस संबंध में जारी जांच के संबंध में औपचारिक बयान देने आयोग के समक्ष पेश हुए थे।

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रणतुंगा से पूछताछ की जा रही है और जांच के तहत उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। रणतुंगा पर सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का आरोप है। इससे श्रीलंका बीमा निगम को 4.7 मिलियन रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पूर्व मंत्री पर पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले चार संस्थानों के कर्मचारियों को प्रदान किए जाने वाले प्रत्यक्ष चिकित्सा बीमा कवर के लिए एक निजी ब्रोकर फर्म को गैरकानूनी रूप से नियुक्त करने का भी आरोप है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags