प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने भाजपा विधायक इमकोंग एल. इमचेन के निधन पर शोक जताया

युगवार्ता    12-Nov-2025
Total Views |

नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने नगालैंड के भाजपा विधायक इमकोंग एल. इमचेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने उन्हें जनसेवा और नगालैंड के विकास में उनके योगदान के लिए याद किया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपने संदेश में कहा, इमकोंग एल. इमचेन को नगालैंड के विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए याद किया जाएगा। वे कई वर्षों तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे और विशेष रूप से जनजातीय समुदायों के कल्याण को लेकर समर्पित थे। उनके विधायी और मंत्री पद के कार्यकाल को स्नेहपूर्वक याद किया जाएगा। उन्होंने नगालैंड में भाजपा को सशक्त करने में भी योगदान दिया। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।

गृहमंत्री अमित शाह ने भी अपने संदेश में कहा, “इमकोंग एल. इमचेन के निधन से दुखी हूं। जनकल्याण के लिए उनके दशकों के समर्पित सेवा कार्य ने एक ऐसी विरासत छोड़ी है, जिसे लोग स्नेहपूर्वक याद करेंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और अनुयायियों के साथ हैं।”

उल्लेखनीय है कि इमकोंग इमचेन का मंगलवार को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। वह कोरिडांग विधानसभा से पांच बार विधायक रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags