भगवान बिरसा संदेश यात्रा 27 नवंबर को अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन स्थल पर पहुंचेगी

युगवार्ता    14-Nov-2025
Total Views |
अभाविप 71 वें राष्ट्रीय अधिवेशन देहरादून स्थल पर लगे बैनर चित्र।


देहरादून, 14 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही 'भगवान बिरसा मुंडा संदेश यात्रा' 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान 27 नवंबर को देहरादून पहुंचेगी। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों को बिरसा मुंडा के संघर्ष, जनजातीय समाज के प्रति उनके योगदान, उनकी वीरगाथा और झारखंड की सभ्यता और संस्कृति को निकट से जानने-समझने का अवसर मिलेगा।

अभाविप उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री ऋषभ रावत ने शुक्रवार को बताया कि 15 नवंबर को झारखंड के खूंटी स्थित उनकी जन्मस्थली ‘उलिहातू’ से ‘भगवान बिरसा संदेश यात्रा’ शुरु होगी। उलिहातू, खूंटी से प्रारंभ होकर कुल 24 स्थानों से होती हुई 27 नवंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान देहरादून पहुंचेगी।

अभाविप के प्रदेश मंत्री रावत ने बताया कि यह यात्रा झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अनेक जिलों से होती हुई देहरादून पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक,गीत-संगीत आदि का आयोजन होगा। भगवान बिरसा संदेश यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को बिरसा मुंडा के संघर्ष और उनके योगदान से अवगत कराया जा सके। किस प्रकार एक युवक, जिसकी आयु मात्र 25 वर्ष रही ने अपने शौर्य और पराक्रम के दम पर ब्रिटिश सरकार की नींव हिला दी और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए युवावस्था में ही क्रांतिकारी कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से देश के वर्तमान नागरिकों को बिरसा मुंडा की संपूर्ण जीवन-यात्रा से परिचित कराना ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का लक्ष्य है।”

रावत ने बताया कि झारखंड के चक्रधरपुर, सरायकेला, जमशेदपुर सहित कई जिलों से होते हुए उत्तराखंड के लिए रवाना होगी। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत, खुले मंचों पर कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक सहित अनेक आयोजन किए जाएंगे। 27 नवंबर को यह यात्रा राष्ट्रीय अधिवेशन स्थल पहुंचेगी, जहां इसका भव्य स्वागत किया जाएगा और पूरे अधिवेशन के दौरान भगवान बिरसा मुंडा संदेश यात्रा का यह रथ आकर्षण का केंद्र बना रहेगा।

इस संदेश यात्रा के संदर्भ में जानकारी देते हुए अभाविप झारखंड के प्रदेश मंत्री मनोज सोरेन ने बताया कि 15 नवंबर को उलिहातू में भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री गोविंद नायक और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष आर्यन मान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

Tags