बिहार में एनडीए को बढ़त पर मध्य प्रदेश में मना जश्न, मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को खिलाए लड्‌डू

युगवार्ता    14-Nov-2025
Total Views |
बिहार चुनाव में एनडीए को बढ़त पर मध्य प्रदेश में मना जश्न


बिहार चुनाव में एनडीए को बढ़त पर मध्य प्रदेश में मना जश्न


बिहार चुनाव में एनडीए को बढ़त पर मध्य प्रदेश में मना जश्न


भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हुए दो चरणों में मतदान की शनिवार को मतगणना हो रही है। शुरुआत रुझानों में एनडीए रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ती हुई नजर आ रही है। एनडीए की स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनती दिखाई दे रही है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश भाजपा में जश्न का माहौल बन गया है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पहुंचकर जीत का जश्न मना रहे हैं। इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की। प्रदेशभर में आतिशबाजी हुई और मिठाइयां बांटी जा रही हैं। दरअसल, बिहार चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 25 विधानसभा सीटों पर प्रचार किया था। रुझानों के अनुसार इन 25 में से 21 सीटों पर एनडीए उम्मीदवार आगे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर में राजबाड़ा के समीप स्थित गोपाल मंदिर पहुंचकर नवनिर्मित आडिटोरियम का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मंदिर की पहली मंजिल पर गए और वहां झरोखे से सबका अभिवादन किया। इस बीच बिहार चुनाव के रुझान आना भी शुरू हो गए थे। उन्होंने साथ चल रहे भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा से इसकी जानकारी ली। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज भी कसा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बिहार चुनाव में एनडीए को मिले बहुमत पर खुशी जताते हुए कहा कि जब बिहार में चुनाव थे, तब राजकुमार मध्य प्रदेश में छुट्टियां मना रहे थे। कांग्रेस खिसयानी बिल्ली की तरह खंबा नोचती है। यह हार राहुल गांधी को पहले ही दिखाई दे रही थी। हमने कहा था कि दुल्हा भाग गया, बैंड-बाजा घोड़ी तैयार है। हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और सफलता पाई है।

इधर, बिहार चुनाव में एनडीए को मिली जीत के बाद उज्जैन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरके। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। आगर मालवा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिहार में एनडीए की जीत का जश्न मनाया। विधायक मधु गहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय सहित कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की। नर्मदापुरम के इटारसी में बिहार चुनाव में भाजपा को मिल रही बड़ी जीत पर जश्न मनाया गया। नगर भाजपा मंडल कार्यालय में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चोरे की उपस्थित में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी। बिहार चुनाव में एनडीए को मिल रही जीत पर छिंदवाड़ा में भी भाजपा कार्यालय में जश्न मनाया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया। छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू चौरई पहुंचे। पूर्व विधायक रमेश दुबे के साथ मिलकर एनडीए की जीत का जश्न बनाया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि बिहार में एनडीए की मात्र जीत नहीं, बिहार की जनता की जीत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की आंधी बही है। बिहार की जनता ने विकास को वोट दिया है। बिहार की जनता ने विकास का ट्रेंड तय किया है। वहीं, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि बिहार में जो वोट चोरी की यात्रा निकाल रहे थे, आज बिहार की जनता ने उन्हें वोट चोरी का जवाब दे दिया। मैंने पहले ही कहा था कि राहुल गांधी दो अंकों तक नहीं पहुंच पाएंगे। उन्हें 10 सीटें भी नहीं मिल रही हैं।

बिहार में सुशासन की महाविजयः केंद्रीय मंत्री शिवराज

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में सुशासन और विकास की महाविजय हुई है। यह विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति बिहार की जनता की श्रद्धा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विश्वास का प्रकटीकरण है। चाहे युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की बात हो, चाहे आधी आबादी को पूरा न्याय दिलाने का संकल्प हो, या फिर हमारे अन्नदाताओं भाई-बहनों की आय बढ़ाने का मुद्दा; एनडीए की सरकार हर कसौटी पर खरी उतरी है। मैं बिहार की देवतुल्य जनता को प्रणाम करता हूं, जिसने बेहतर भविष्य और विकसित बिहार के लिए एनजीए को अपना भरपूर समर्थन दिया है। इस जीत से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी।

दिग्विजय सिंह ने ईवीएम और एसआईआर फोड़ा ठीकरा

बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में महागंठन के पिछड़ने के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर मतदाता सूची में गड़बड़ी और ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि लाखों वोट बिना प्रक्रिया के जोड़े-घटाए गए, जिससे नतीजों पर असर पड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि चुनाव को लेकर उनकी जो शंका थी, वह अब सही साबित होती दिख रही है।

दिग्विजय सिंह के अनुसार, चुनाव के दौरान 62 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जबकि 20 लाख नए नाम जोड़े गए। इनमें भी करीब 5 लाख वोट बिना एसआईआर फॉर्म भरे जोड़े जाने का आरोप है। उन्होंने दावा किया कि हटाए गए वोटों में बड़ी संख्या गरीब, दलित और अल्पसंख्यक तबके के मतदाताओं की है। दिग्विजय सिंह ने लिखा कि ईवीएम को लेकर संदेह अभी भी जस का तस है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags