
हुबली, 14 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस पार्टी को डूबती नाव बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने साथ-साथ अपने सहयोगियों को भी डुबो रहे हैं।
शुक्रवार काे कर्नाटक के हुबली में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी पूरे देश में डूब रही है। 'वोट चोरी' के खोखले आरोप लगाने की उनकी रणनीति से बिहार की जनता का कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिहार में एक अंक के परिणाम के लिए भी संघर्ष कर रही है। राहुल गांधी अपने सहयोगियों का अस्तित्व भी नष्ट कर रहे हैं। जोशी ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि राहुल गांधी हमेशा परमाणु और हाइड्रोजन बम की बात करते थे। उन्होंने ये सारे बम अपनी ही पार्टी और सहयोगियों पर फोड़े।
केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि राहुल गांधी ने देश की एक संवैधानिक संस्था और व्यवस्था पर आक्षेप लगाने की कोशिश की। वोटों में हेराफेरी और वोटिंग मशीनों में खराबी के बेबुनियाद आरोप लगाकर और मतदाताओं को गुमराह करके उन्हें अच्छे नतीजे मिले हैं। बिहार की जनता ने कांग्रेस और महागठबंधन के सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। यह उनके वोटों में हेराफेरी के आरोपों का करारा जवाब है। जोशी ने कहा कि राहुल गांधी को कम से कम मतदाताओं, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान तो करना चाहिए।
प्रह्लाद जोशी ने कहा कि बिहार में एनडीए गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह मतदाताओं की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को दिया गया जनादेश है। इसके लिए वह बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा