


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमाम वरिष्ठ नेताओं ने उनके समाधि स्थल पर पहुंच कर पुष्पांजलि अर्पित की।
शांतिवन में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही पहुंचने लगे और कतारबद्ध होकर नेहरू को नमन करते रहे। कार्यकर्ताओं ने समाधि पर फूल चढ़ाए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने एक्स पोस्ट में नेहरू को राष्ट्र निर्माता बताया। खरगे ने कहा कि नेहरू ने लोकतंत्र और आधुनिक संस्थानों की मजबूत नींव रखी और देश को वैज्ञानक सोच और तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया। खरगे ने बाल दिवस पर बच्चों को शुभकामनाएं भी दीं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने दूरदर्शी और साहसी नेतृत्व से स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक मूल्यों की आधारशिला रखी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि पंडित नेहरू देश की करोड़ों जनता को ही भारत माता मानते थे। प्रियंका ने नेहरू को समावेशी और प्रगतिशील भारत का निर्माता बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर