
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लद्दाख से हजारों किलोमीटर की लंबी यात्रा कर रेजांगला युद्ध के वीर शहीदों के सम्मान में निकली पवित्र रज कलश यात्रा के हैदरपुर पहुंचना अपने आप में एक गौरवपूर्ण क्षण है। यह पवित्र यात्रा पूरे देश को राष्ट्र प्रथम की भावना में पिरोने वाला एक सशक्त संदेश है।
मुख्यमंत्री आज हैदरपुरा गांव में रज कलश यात्रा के समान में यहां शामिल हुई। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए यादव महासभा और सभी आयोजकों को साधुवाद किया, जिन्होंने इस यात्रा को राष्ट्रीय चेतना का स्वरूप दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदरपुर गांव की यह धरती आज स्वयं को धन्य मान रही है कि वीर शहीदों की पवित्र स्मृति यहां पहुंची। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले जा रहे हैं। पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन अब मधुबन चौक के नाम से जाना जाएगा। प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन को उत्तरी पीतमपुरा/प्रशांत विहार नाम दिया गया है। हैदरपुर बादली मोड़ का नाम अब हैदरपुर गांव रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैक्स अस्पताल मार्ग के चौड़ीकरण और अंडरपास के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिससे यहां के निवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हैदरपुर गांव विकसित दिल्ली की उस नई पहचान का प्रतीक बन रहा है, जिसमें परंपरा को सम्मान और आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव