खालिस्तानी संगठन ने ली पंजाब के फिरोजपुर में संघ कार्यकर्ता की हत्या की जिम्मेदारी

युगवार्ता    16-Nov-2025
Total Views |

- पुलिस ने टारगेट कीलिंग का मामला मानकर शुरू की जांच, हत्या के बाद नए संगठन की स्थापना का दावा

चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के फिरोजपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यकर्ता की हत्या का जिम्मा खालिस्तानी संगठन शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके लिया है। इसके बाद पुलिस ने इस केस को टारगेट कीलिंग मानकर जांच शुरू कर दी है। आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या के बाद पंजाब पुलिस ने आज कई जिलों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन भी चलाए। सोशल मीडिया पर जारी इस पोस्ट की पुलिस जांच कर रही है।

पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार की रात बंदूकधारियों ने संघ नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की हत्या कर दी गई थी। पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही थी कि रविवार को दोपहर बाद खालिस्तानी शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी करके कहा कि हम खालिस्तान की आजादी के संघर्ष में योगदान देने के लिए शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड की स्थापना की घोषणा करते हैं। पंजाब पर जबरदस्ती कब्जे के खिलाफ चल रहे धर्मयुद्ध में हम निर्णायक लक्ष्य यानी खालिस्तान की स्थापना तक इस जंग को हर हाल में जारी रखेंगे।

पोस्ट में लिखा गया है कि इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हमारी इस जंग में हिंदू सरकार का मोहरा बनकर पंजाब के अंदर सिखों को हिंदुत्व में मिलाने वाले हिंदूवादी गिरोह के नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा को आज फिरोजपुर में सुधारा गया है। पोस्ट के अंत में संगठन के कमांडर परमजीत सिंह के हस्ताक्षर हैं। इस पोस्ट को संगठन के प्रवक्ता बहादुर सिंह संधु की ओर से जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Tags