सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के तीसरे दिन धमाकेदार जीतों की बरसात

युगवार्ता    17-Nov-2025
Total Views |
सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप


करनाल, 17 नवंबर (हि.स.)। तीसरे हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 2025 – जोन A एवं B के तीसरे दिन विभिन्न पूलों में एकतरफा मुकाबले देखने को मिले, जहां कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़े अंतर से जीत दर्ज की। प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, HAR हॉकी अकादमी, अनंतपुर स्पोर्ट्स अकादमी, रितु रानी हॉकी अकादमी, मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी और खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर) ने महत्वपूर्ण जीत हासिल की।

पूल A: प्रीतम सिवाच अकादमी की 11–0 की प्रचंड जीत

दिन की शुरुआत पूल A के मुकाबले से हुई, जिसमें प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, सोनीपत ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात – हॉकी अकादमी को 11–0 से मात दी। कप्तान नैंसी अरोहा ने चार गोल दागकर शानदार नेतृत्व किया। दिया ने हैट्रिक लगाई, जबकि आरती, मौकी, संजना और अवनी ने एक-एक गोल जोड़ा।

पूल B: HAR हॉकी अकादमी ने रचा इतिहास, 31–0 से जीत

HAR हॉकी अकादमी ने दिन का सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए हॉकी फैमिली बदखलसा NCR हॉकी सोसायटी को 31–0 से पराजित किया। अंकिता ने डबल हैट्रिक सहित छह गोल दागे। विशाखा, अंजलि और ज्योति ने पांच-पांच गोल कर स्कोरलाइन को विशाल बनाया।

भारती ने चार, तमन्ना ने दो गोल किए, जबकि वंशिका, तन्नू, कफी और हिमांशी ने एक-एक गोल किया। इसी पूल के दूसरे मुकाबले में रितु रानी हॉकी अकादमी ने तमिलनाडु हॉकी अकादमी को 2–1 से हराया। दिलप्रीत कौर (20’, 60’) ने दोनों गोल दागे। तमिलनाडु के लिए आर. राजाहरिनी (34’) ने गोल किया।

पूल C: अनंतपुर अकादमी का 6–0 से दबदबा

अनंतपुर स्पोर्ट्स अकादमी ने जूड फेलिक्स हॉकी अकादमी को 6–0 से पराजित किया। भवना तलारी और शेख सुमैया ने दो-दो गोल दागे। नव्याश्री चन्नगानी और गिरका ज्ञानेश्वरी ने एक-एक गोल किया।

पूल D: मार्कंडेश्वर और खालसा ने दर्ज की जीत

पूल D के पहले मुकाबले में मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी ने RK Roy हॉकी अकादमी को 3–0 से हराया। आंचल ने लगातार दो गोल (40’, 41’) किए और अंचल (59’) ने एक गोल जोड़ा। दूसरे मुकाबले में खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर) ने राजा करण हॉकी अकादमी को 4–1 से मात दी। मुस्कान गिल ने हैट्रिक लगाई। लक्ष्मी ने एक गोल किया, जबकि राजा करण की ओर से तन्वी ने एकमात्र गोल दागा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags