इंग्लैंड ने अल्बानिया को हराकर परफेक्ट रिकॉर्ड के साथ वर्ल्ड कप क्वॉलिफायर्स अभियान समाप्त किया

युगवार्ता    17-Nov-2025
Total Views |
इंग्लैंड कप्तान हैरी केन गोल करने की खुशी मनाते हुए


तिराना (अल्बानिया), 17 नवंबर (हि.स.)। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने अंतिम पलों में दो गोल दागकर अपनी टीम को अल्बानिया पर 2-0 की जीत दिलाई और फीफा वर्ल्ड कप क्वॉलिफायर्स अभियान को एक ऐतिहासिक परफेक्ट रिकॉर्ड के साथ समाप्त किया।

मैच लंबे समय तक गोलरहित रहा और ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड पहली बार अंक गंवा सकता है लेकिन 74वें मिनट में एक कॉर्नर पर अल्बानिया की डिफेंस चूक गई और केन ने नजदीक से गेंद को गोल में डाल दिया। आठ मिनट बाद केन ने मार्कस रैशफोर्ड के लंबे क्रॉस पर सटीक हेडर मारकर बढ़त को 2-0 कर दिया।

इस जीत के साथ इंग्लैंड टीम यूरोप की पहली ऐसी टीम बन गई जिसने छह या उससे अधिक मैचों वाले वर्ल्ड कप क्वॉलिफ़ाइंग ग्रुप में सभी मुकाबले जीतकर और एक भी गोल खाए बिना क्वॉलिफाई किया हो। इंग्लैंड ने ग्रुप-के के आठों मैच जीतकर कुल 24 अंक हासिल किए।

मैच के बाद हैरी केन ने कहा, “यह वाकई मुश्किल मुकाबला था, शायद इस ग्रुप का सबसे कठिन। हमें धैर्य रखना था और मजबूत डिफेंस भी करना था। 2-0 की जीत और एक और क्लीन शीट — हम बेहद खुश हैं। हार के साथ अंत नहीं करना चाहते थे।”

कोच थॉमस ट्यूशेल ने पहले से ही क्वॉलिफिकेशन सुनिश्चित होने के कारण टीम में कई बदलाव किए थे। अल्बानिया ने कड़ा मुकाबला दिया, लेकिन कप्तान केन के दो गोलों ने इंग्लैंड को जीत दिला दी। केन अब इंग्लैंड के लिए 112 मैचों में 78 अंतरराष्ट्रीय गोल कर चुके हैं।

अल्बानिया अब प्लेऑफ के ज़रिए क्वॉलिफाई करने की कोशिश करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags