




- हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने अतिथियों का किया स्वागत
चंडीगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के बाद दिल्ली तथा बिहार में चुनावी मुद्दा बनी गोहाना की जलेबी सोमवार को उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भी छाई रही। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई 32वीं उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में पर्यटन मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का जलेबी और शाॅल के साथ स्वागत किया। अतिथि इस शिष्टाचार भेंट को पाकर प्रफुल्लित नजर आए।
हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान गोहाना की जलेबी बड़ा मुद्दा बनी रही। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी जीत के बाद गोहाना की जलेबी बांटी। हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी हरियाणा के नेताओं ने प्रचार के दौरान जलेबी पर चर्चा चलाई थी।
सोमवार को सूरजकुंड में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 32वीं उत्तर क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक के प्रारंभ होने से पूर्व बतौर पर्यटन मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने अपनी मेहमाननवाजी से अतिथियों का दिल जीत लिया। उन्होंने राजनीतिक दृष्टिकोण से हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार में मतदाताओं को लुभाने वाली गोहाना की जलेबी को इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में अतिथियों को भेंट की। पर्यटन मंत्री शर्मा ने पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, जम्मू एवं कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व अन्य प्रतिनिधियों को जलेबी के साथ-साथ शाॅल भेंट की।
उन्होंने कहा कि हरियाणा अपने आतिथ्य के लिए मशहूर है और हमेशा से ही प्रदेश अपने अतिथियों का मान-सम्मान करने में कोई कसर नहीं छोड़ता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा