
नई दिल्ली, 17 नवम्बर (हि.स.)। मिस्र के काहिरा स्थित ओलंपिक शूटिंग रेंज में जारी शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने पुरुषों की 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। गोल्ड मेडल की होड़ में वह यूक्रेन के पाव्लो कोरोस्तिलोव से इनर-10 के आधार पर मामूली अंतर से पिछड़ गए। फ्रांस के यान पियरे लुई फ्रिड्रिकी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
यह गुरप्रीत के करियर का दूसरा व्यक्तिगत विश्व चैंपियनशिप पदक है। इससे पहले उन्होंने 2018 की चांगवोन विश्व चैंपियनशिप में 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में रजत पदक जीता था।
प्रतियोगिता में गुरप्रीत ने दो दिनों में कुल 584-18x अंक हासिल किए। प्रिसीजन चरण में वह 288-8x अंकों के साथ नौवें स्थान पर थे, लेकिन रैपिड चरण में उन्होंने 296-10x की शानदार शूटिंग करते हुए रजत पर कब्जा किया। यूक्रेन के कोरोस्तिलोव ने प्रिसीजन में 291-14x और रैपिड में 293-15x स्कोर कर इनर-10 (29) के आधार पर स्वर्ण पदक जीता।
भारत ने चैंपियनशिप में कुल 13 पदक जीतकर समग्र पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। भारत के खाते में 3 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदक आए।
चीन 12 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि दक्षिण कोरिया 7 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
भारत के अन्य खिलाड़ियों में हरप्रीत सिंह प्रिसीजन के बाद दूसरे स्थान पर थे, लेकिन रैपिड चरण में 286-6x स्कोर कर कुल मिलाकर नौवें स्थान पर रहे। साहिल चौधरी 561-14x अंकों के साथ 28वें स्थान पर रहे। टीम स्पर्धा में भारतीय तिकड़ी पाँचवें स्थान पर रही।
भारत के पदक विजेता:
स्वर्ण: सम्राट राणा (10m एयर पिस्टल), रविंदर सिंह (50m स्टैंडर्ड पिस्टल, 10m एयर पिस्टल टीम)
रजत: ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, अनीश भानवाला, गुरप्रीत सिंह, ईशा–सम्राट (मिक्स्ड टीम), 10m महिलाओं की एयर पिस्टल टीम, 50m पुरुष स्टैंडर्ड पिस्टल टीम
कांस्य: ईशा सिंह, एलेवेनिल वालारिवन, वरुण तोमर (दो स्पर्धाओं में)
भारत के निशानेबाजों ने अपने प्रदर्शन से विश्व मंच पर देश का परचम एक बार फिर लहराया।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय