आंध्र प्रदेश में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता, 31 माओवादी गिरफ्तार

युगवार्ता    18-Nov-2025
Total Views |
महेश चंद्र लड़ा


विजयवाड़ा/रम्पाछोड़वरम, 18 नवंबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश में माओवादियों पर शिंकजा कसने के दौरान सुरक्षाबलों को मंगलवार को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने सुबह एक मुठभेड़ में छह माओवादियों को ढेर किया था। इसके कुछ देर बाद ही सुरक्षाबलों ने राज्य में कई स्थानों पर छापा मार कर 31 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है।

आंध्र प्रदेश के एडीजी खुफिया महेश चंद्र लड्डा ने अल्लूरी सीतारामाराजू जिले के एसपी अमित बरदार के साथ पत्रकारों को मुठभेड़ और गिरफ्तारी का पूरा ब्योरा दिया। लड्डा ने बताया कि मंगलवार सुबह 6.30 से 7.00 बजे के बीच अल्लूरी सीतारामाराजू जिले के मारेदुमिल्ली वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी हुई है। इस मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए हैं। लड्डा ने बताया कि पिछले दो दिन से खुफिया जानकारी के आधार पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तलाशी अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने बताया कि माओवादियों के पास से विभिन्न प्रकार के हथियार जब्त किए गए हैं।

एडीजी महेश चंद्र लड्डा ने बताया कि पुलिस ने कृष्णा जिले के विजयवाड़ा और काकीनाडा में छापा मारकर 31 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विजयवाड़ा के निकट पेनामलुरू ऑटोनगर में स्थित एक मकान में शरण लिए 27 माओवादी भी शामिल हैं। इनमें 21 महिला और छह पुरुष शामिल हैं। यह सभी छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से 9 माओवादी केंद्रीय समिति के सदस्य देवजी के सुरक्षा में जुड़े बॉडी गार्ड हैं और आठ दंडकारण्य वन क्षेत्र के सदस्य हैं। इसके अलावा काकीनाडा से चार माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नागराज राव

Tags