
चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता की हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में दो आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बुधवार को बताया कि शनिवार की रात नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपितों को इसके लिए एक-एक लाख रुपये ऑफर किए गए थे।
भूपिंदर सिंह ने बताया कि कनव और हर्ष ने नवीन की रेकी की थी। हत्या की पूरी प्लानिंग कनव के घर पर हुई थी। इस हत्या में 4 लोग सीधे तौर पर शामिल हैं। इनमें से कनव और हर्ष को बुधवार को फिरोजपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने पूछताछ में हत्या की साजिश रचने की बात कबूली है। एसएसपी ने कहा कि अभी आरोपितों के 2 साथी गिरफ्त से बाहर हैं। इनको पकड़ने के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है।
हत्या के लिए आरोपित दो गुटों में बंटे थे। 2 लोग मोची बाजार की गली के एक छोर पर खड़े थे। जबकि अन्य 2 आरोपित गली के दूसरे छोर पर खड़े होकर नवीन का इंतजार कर रहे थे। इनकी नवीन को किसी भी छोर से न भागने देने की प्लानिंग थी। पकड़े गए आरोपित हर्ष और कनव गली के दूसरे छोर पर मौजूद थे, जबकि अन्य 2 आरोपितों ने नवीन पर अन्य छोर से गोली चला दी।
एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि जतिन और काली ने ही आरोपितों को नवीन की रेकी करने के लिए 5-5 हजार रुपये ऑफर किए थे। इतनी राशि पर युवकों ने रेकी करने के लिए मना कर दिया। इसके बाद काली ने युवकों को एक-एक लाख रुपये का लालच दिया। इसके बाद चारों ने मिलकर नवीन की हत्या की प्लानिंग की। गोली चलाने में 2 अन्य युवक शामिल थे। हत्या की प्लानिंग करने वालों में कनव, हर्ष, जतिन और काली थे। इसके लिए ये यूपी से हथियार लेकर आए थे। नवीन अरोड़ा के साथ जतिन काली की दुश्मनी थी। इसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा