सोनिया गांधी ने मिशेल बेचेलेट को इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार दिया

युगवार्ता    19-Nov-2025
Total Views |
सोनिया गांधी ने मिशेल बेचेलेट को इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार दिया


सोनिया गांधी ने मिशेल बेचेलेट को इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार दिया


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार सामाजिक विकास, शांति, निरस्त्रीकरण और मानव कल्याण के क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए स्थापित किया गया है। यह पुरस्कार उन लोगों और संस्थाओं को याद करता है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी प्रगति, न्याय और मानवता के कल्याण के लिए काम किया।

राजधानी दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित इंदिरा गांधी पुरस्कार समारोह में सोनिया गांधी ने चिली की पूर्व राष्ट्रपति मिशेल बेचेलेट को शांति, निरस्त्रीकरण और विकास के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में जूरी के अध्यक्ष शिवशंकर मेनन, जूरी सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी हिस्सा लिया।

सोनिया गांधी ने कहा कि भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने गरीबी, असमानता और हिंसा के खिलाफ लगातार प्रयास किए। उन्होंने मिशेल बेचेलेट के संघर्षमय जीवन और उपलब्धियों को भी बताया। मिशेल बेचेलेट ने अपने देश में लोकतंत्र एवं मानवाधिकारों की रक्षा के लिए कठिनाइयों का सामना किया, स्वास्थ्य और रक्षा मंत्रालय में योगदान दिया और दो बार राष्ट्रपति पद संभाला।

सोनिया गांधी ने कहा कि बेचेलेट ने महिलाओं के अधिकारों और समानता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने देश की स्वास्थ्य प्रणाली में सुधार किया, कमजोर वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा की, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन योजनाओं को मजबूत किया और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए कोटा लागू किया।

सोनिया गांधी ने कहा कि मिशेल बेचेलेट का योगदान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहनीय है। 2010 में उन्होंने यूएन महिला एजेंसी की पहली निदेशक और बाद में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त के रूप में महिलाओं और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags