(अपडेट)उत्तराखंड राज्य स्थापना रजत जयंती : विधानसभा का विशेष सत्र सोमवार को, राष्ट्रपति करेंगी संबोधित

युगवार्ता    02-Nov-2025
Total Views |
विधानसभा अध्यक्ष विशेष सत्र की तैयारियों को लेकर जायजा लेते।


-ऐतिहासिक सत्र उत्तराखंड की गरिमा और परंपरा के अनुरूप भव्य रूप में संपन्न हो: विस अध्यक्ष

-विशेष सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने लिया जायजा

देहरादून, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर तीन नवंबर (सोमवार) को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित हो रहा है। विधानसभा विशेष सत्र में राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा। राष्ट्रपति देहरादून पहुंच गई है। सत्र की तैयारियों को लेकर रविवार को विधानसभा अध्यक्ष ने जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। यह सत्र आत्ममंथन और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का अवसर होगा। राज्य स्थापना के 25 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आज विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने देवभूमि उत्तराखंड राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले “रजत जयंती विशेष सत्र” की तैयारियों का विधानसभा भवन,देहरादून में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा परिसर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आगमन व्यवस्था, प्रोटोकॉल, अतिथियों के स्वागत, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक बिंदुओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं उच्चस्तरीय समन्वय के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि यह ऐतिहासिक सत्र उत्तराखंड की गरिमा और परंपरा के अनुरूप भव्य रूप में संपन्न हो।

उन्होंने कहा कि यह विशेष सत्र देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, 25 वर्षों की विकास यात्रा और आने वाले वर्षों की संभावनाओं पर केंद्रित रहेगा। यह सत्र राज्य की प्रगति, उपलब्धियों और संकल्पों को नई दिशा देने का कार्य करेगा।सत्र को राष्ट्रपति सोमवार सुबह 11 बजे से 12 बजे तक संबोधित करेंगी। इससे पहले राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का पांच-पांच मिनट का स्वागत भाषण होगा। इसके बाद राष्ट्रपति का संबोधन शुरू होगा। राज्य स्थापना के 25 वें रजत जयन्ती वर्ष के दृष्टिगत राज्य की प्रगति एवं भविष्य के रोड मैप के संबंध में विशेष चर्चा होगी। चार नवम्बर को राज्य स्थापना के 25 वें रजत जयंती वर्ष के दृष्टिगत राज्य की प्रगति एवं भविष्य के रोड मैप के संबंध में विशेष चर्चा होगी।

निरीक्षण के दौरान विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

24 स्कूलों में होगी सोमवार को छुट्टीदेहरादून के 24 स्कूलों में होगी सोमवार को छुट्टी रहेगी। जिला प्रशासन ने रविवार को संशोधित आदेश जारी किया। अपर जिला अधिकारी (वि./रा.) कृष्ण कुमार मिश्र की ओर से जारी आदेश में पूर्व के आदेश में 04 स्कूलों का नाम और जोड़ा गया है। पहले 20 स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी किया गया था।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags