राष्ट्रपति मुर्मु छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के दौरे पर आज से

युगवार्ता    20-Nov-2025
Total Views |
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु । फोटो - फाइल


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश का तीन दिवसीय दौरा आज प्रारंभ होगा। राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता ने बताया कि 20 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मु छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगी। राज्य सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदायों की गौरवशाली परंपराओं और योगदान का सम्मान करना है।

राष्ट्रपति 21 नवंबर को तेलंगाना के सिकंदराबाद स्थित राष्ट्रपति निलयम, बोलारम में ‘भारतीय कला महोत्सव 2025’ का उद्घाटन करेंगी। इस महोत्सव के दूसरे संस्करण में गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, गोवा, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव की समृद्ध सांस्कृतिक, पाक और कलात्मक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।

बताया गया है कि 22 नवंबर को राष्ट्रपति आंध्र प्रदेश के पुट्टापर्थी स्थित प्रशांति निलयम में श्री सत्य साईं बाबा की शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष सत्र में शामिल होंगी। यह आयोजन सत्य साईं बाबा के आध्यात्मिक संदेशों और सेवा कार्यों के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags