बिहार की जनता ने एसआईआर पर झूठ फैलाने की कांग्रेस की साजिश को नाकाम किया : भाजपा

युगवार्ता    20-Nov-2025
Total Views |
भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी द्वारा देश के कई राज्यों में चल रहे मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निशाना साधते हुए इसे जनता को भ्रमित करने की कवायद बताया है। भाजपा ने कहा कि बिहार की जनता ने देशहित में फैसला लिया है और एसआईआर पर झूठ फैलाने की कांग्रेस की साजिश को नाकाम कर दिया है।

एसआईआर मुद्दे पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद ज़फर इस्लाम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि घुसपैठिए कांग्रेस पार्टी का वोट बैंक हैं। बिहार की जनता ने देशहित में फैसला लिया है और एसआईआर पर झूठ फैलाने की कांग्रेस की साजिश को नाकाम कर दिया है। कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करने और जनता को गुमराह करने की साजिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी अपनी हार को पचा नहीं पा रही है, इसलिए कांग्रेस हार की समीक्षा करने के बजाय जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के युवा, महिलाएं सहित सभी लोग आज एसआईआर के पक्ष में है। देश के नागरिकों को ही मतदान करने का अधिकार होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस पार्टी घुपैठियों को यह अधिकार देना चाहती है। इसलिए कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी बार बार विदेश जाते हैं। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करना चाहते हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा को देश की जनता हमेशा ऊपर रखती है।

देश की संपदा में देशवासियों का अधिकार है। आने वाले चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी का यही हाल होने वाला है। फिर चाहे असम हो, तमिलनाडु हो या फिर पश्चिम बंगाल। सभी जगह कांग्रेस को 0 सीटें आएंगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags