ओडिशा नवल टाटा ने जीता हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैम्पियनशिप 2025-जोन ए और बी का खिताब

युगवार्ता    23-Nov-2025
Total Views |
एचएआर हॉकी अकादमी टीम पदकों के साथ (फोटो- हॉकी इंडिया)


- एचएआर हॉकी अकादमी ने सब-जूनियर की ट्रॉफी जीती

करनाल, 23 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर ने हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैम्पियनशिप 2025-जोन ए और बी का खिताब अपने नाम किया। एचएआर हॉकी अकादमी (अमृतसर) ने हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला अकादमी चैम्पियनशिप 2025-जोन ए और बी की ट्राफी अपने की।

हरियाणा के करनाल में रविवार को खेले गए जूनियर फाइनल में ओडिशा नवल टाटा अकादमी ने राउंडग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी को 2-0 से हराया। टीम के लिए द्रुपति नाइक (18वें मिनट) और नेहारिका टोप्पो (43 वें मिनट) के गोलों ने जीत सुनिश्चित की। इसी तरह सब-जूनियर फाइनल में एचएआर हॉकी अकादमी (अमृतसर) ने खालसा हॉकी अकादमी(अमृतसर) को 6-0 से हराया। एचएआर की कप्तान राधिका (7वें मिनट, 25वें मिनट, 53वें मिनट) ने हैट्रिक के साथ बढ़त बनाई, अंजलि (41वें मिनट, 60वें मिनट) ने दो गोल और वंशिका (33वें मिनट) ने एक गोल किया।

जूनियर वर्ग में तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में घुमनहेड़ा राइजर्स अकादमी ने जय भारत हॉकी अकादमी को शूटआउट में 3-0 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। दोनों टीमें निर्धारित समय तक 1-1 से बराबरी पर थीं, जिसमें घुमनहेड़ा के लिए शशि कुमारी (18वें मिनट) और जय भारत के लिए सुषमा (53वें मिनट) ने गोल किया।

सब-जूनियर कांस्य पदक के मुकाबले में प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी सोनीपत ने स्पोर्ट्स हॉकी अकादमी ऑफ खालसा कोलकाता को 6-0 से हराया। विजेता टीम के लिए अवनी (15वें मिनट, 35वें मिनट) ने दो गोल किए, जबकि नैन्सी सरोहा (13वें मिनट), चंचल (47वें मिनट), आरती (53वें मिनट) और मौकी (54वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags