
- कल धर्म ध्वजा लहराने वाली है, मेरा सौभाग्य कि भगवान के दर्शन कर पायाः शिवराज सिंह चौहान
निवाड़ी, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में स्थित बुंदेलखंड की अयोध्या कहे जाने वाली भगवान श्रीराम राजा सरकार की नगरी ओरछा में इन दिनों श्री राम विवाह महोत्सव के उत्साह में डूबी हुई है। सोमवार को ऐतिहासिक रामराजा सरकार मंदिर में लाखों श्रद्धालु उमड़े, जहां पर परंपरा के अनुसार पंगत का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी सोमवार शाम को ओरछा पहुंचे और श्री राम-जानकी विवाह महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने सीधे मंदिर प्रांगण में पहुंचकर रामराजा सरकार के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, आज रामराजा सरकार का विवाह महोत्सव है और कल धर्म ध्वजा लहराने वाली है। मेरा सौभाग्य है कि भगवान के चरणों के दर्शन कर पाया। उन्होंने सभी के स्वस्थ और निरोगी रहने की कामना रामराजा सरकार से की। इस दौरान उन्होंने लोगों से भेंट भी की और इस आयोजन को 'अद्वितीय सांस्कृतिक विरासत' बताया। उनके साथ भाजपा विधायक अनिल जैन समेत भाजपा पदाधिकारी और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया भी मौजूद रहे।
पर्यटन नगरी ओरछा में यह आयोजन सदियों से बुंदेलखंड की पहचान रहा है। सोमवार को परम्परा के अनुसार यहां श्री राम-जानकी विवाह महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस दौरान भगवान श्रीराम राजा सरकार को हल्दी लगाई गई और मंडप पूजन संपन्न हुआ। यह अनुष्ठान सुबह 11 बजे विधि-विधान से किया गया। रामराजा सरकार को हल्दी चढ़ाने का कार्य वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पूरे परिसर में शंखध्वनि और जय-जयकार के स्वर गूंजते रहे। हल्दी रस्म के बाद मंडप सजाकर विधिवत मंडप पूजा की गई। इस महोत्सव में लाखों भक्तों की आस्था उमड़ पड़ी।
महोत्सव के तहत दोपहर 3 बजे से ओरछा के ऐतिहासिक रामराजा परिसर में पंगत प्रीतिभोज की शुरुआत हुई। प्रसाद वितरण के लिए विशाल पंडाल और बैठने की व्यापक व्यवस्था की गई है, जिसमें सैकड़ों सेवादल तैनात हैं। बुंदेलखंड के निवाड़ी, झांसी, टीकमगढ़, छतरपुर, दतिया और आसपास के लाखों श्रद्धालु पंगत में बैठकर रामराजा सरकार की प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। प्रसाद वितरण का यह क्रम रात एक बजे तक जारी रहेगा।
मंगलवार को भगवान श्रीराम राजा सरकार दूल्हा रूप में सजेंगें। उनकी बारात ओरछा की ऐतिहासिक गलियों से शोभायात्रा के रूप में निकलकर देर रात जनकपुरी पहुंचेगी। जहां पारंपरिक विधि से राम-जानकी विवाह सम्पन्न होगा। पूरे बुंदेलखंड में इस आयोजन की धूम है। नगर का बच्चा-बच्चा इस दिव्य विवाह महोत्सव का साक्षी बन रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर