
पटना /दरभंगा, 3 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिहार में दरभंगा जिले के केवटी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मुरारी मोहन झा सहित सभी दसों विधानसभा क्षेत्रों के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और लोगों से उनके लिए समर्थन मांगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम और माता जानकी के अस्तित्व पर सवाल उठाया था। उन्होंने लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया और यहां तक कि उच्चतम न्यायालय में उनके अस्तित्व को नकारते हुए एक हलफनामा भी दायर किया था। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तो रामरथ यात्रा को रोकने की कोशिश की और समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में राम भक्तों पर गोलीबारी का आदेश दिया, जिससे पवित्र नगरी खून से लाल हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आईएनडीआईए ब्लॉक पारिवारिक माफिया का समर्थन करके और घुसपैठियों को आमंत्रित करके बिहार की सुरक्षा को भंग करने का काम कर रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजद शासन के दौरान बिहार में 70 से ज़्यादा नरसंहार हुए। जाति को जाति से आपस में लड़ाया, बेटियों और व्यापारियों को असुरक्षित महसूस कराया तथा बंदूकों और पिस्तौलों के बल पर कानून-व्यवस्था को ध्वस्त किया। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां लोगों को जाति के आधार पर बांटती हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा को कमज़ोर करती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपने महात्मा गांधी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा, लेकिन आज आईएनडीआईए गठबंधन में तीन नए बंदर हैं, पप्पू, टप्पू और अप्पू। पप्पू सच नहीं बोल सकता, टप्पू सही नहीं देख सकता और अप्पू सच नहीं सुन सकता।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ये नेता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तहत हुए विकास कार्यों को देख, सुन या बोल नहीं सकते, इसलिए वे गलत सूचना फैलाते हैं। राजद-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जब राजद ने कांग्रेस के समर्थन से बिहार पर शासन किया था, तो गरीबों को राशन और सरकारी योजनाओं से वंचित रखा जाता था। 2005 से पहले, कांग्रेस या राजद के शासनकाल में अगर कोई गरीब बीमार पड़ता था, तो वह तड़प-तड़प कर मर जाता था, क्योंकि कोई चिकित्सा सुविधा नहीं थी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कश्मीर को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनकी (कांग्रेस की)नीतियों ने ही इसे विवादित क्षेत्र बना दिया। कांग्रेस ने ही कश्मीर को विवादित बनाया था। आज प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में कश्मीर आतंकवाद से मुक्त हो गया है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उन्होंने एक अभिनेता के बारे में खबर पढ़ी थी, जो 27 साल बाद कश्मीर जा पाया। यह कांग्रेस का पाप था कि हिंदुओं को कश्मीर छोड़ना पड़ा। अब मिथिला और बिहार के लोग भी वहां शांति से रह सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने मतदाताओं से केवटी से राजग उम्मीदवार मुरली मोहन झा का समर्थन करने और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि असामाजिक तत्व और दंगाई वापस न आएं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एक बार फिर राजग की सरकार बननी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी