
नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन प्रमुख नेता आज बिहार विधानसभा चुनाव के रण में मतदाताओं के सामने होंगे। सर्वाधिक लोकप्रिय प्रखर वक्ता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' चुनावी रणनीति के तहत महिला शक्ति से संवाद करेंगे। केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा की कई बड़ी चुनाव जनसभा होनी हैं। भाजपा ने एक्स हैंडल में अपने तीनों स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम की जानकारी एक्स पर साझा की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तो खुद तीन नवंबर को एक्स हैंडल पर लिखा, '' बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए हमारी मातृशक्ति भी असाधारण ऊर्जा और पूरे समर्पण भाव से जुटी हुई है। चुनाव अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी बिहार में लोकतंत्र की यात्रा को और सशक्त बना रही है। चार नवंबर को दोपहर 3:30 बजे 'मेरा बूथ सबसे मजबूत - महिला संवाद' में मैं अपनी माताओं-बहनों से चर्चा को लेकर बहुत उत्सुक हूं।''
भाजपा के एक्स हैंडल के अनुसार, अमित शाह सबसे पहले सुबह 11 बजे दरभंगा जिले, दोपहर 12ः30 बजे पूर्वा चंपारण और डेढ़ घंटा बाद दो बजे पश्चिमी चंपारण में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष की एक जगह जनसभा और एक स्थान पर रोड शो होना है। दोपहर 12ः55 बजे नड्डा भोजपुर जिले में जनसभा को संबोधित करने के बाद गया जी जिला पहुंचेंगे। गया शहर में उनका रोड शो अपराह्न 3ः20 बजे शुरू होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद