बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी देव दीपावली के अनुपम प्रकाश से आलोकित : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

युगवार्ता    05-Nov-2025
Total Views |
देव दीपावली महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


देवदीपावली की तस्वीरें


वाराणसी, 05 नवम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार देर शाम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मनाए जा रहे देव दीपावली उत्सव की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा करते हुए देशवासियों को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी आज देव दीपावली के अनुपम प्रकाश से आलोकित है। मां गंगा के किनारे काशी के घाटों पर प्रज्ज्वलित लाखों दीपों में सबके लिए सुख, समृद्धि और मंगल की कामना है। यह दिव्यता और भव्यता हर किसी के मन-प्राण को मंत्रमुग्ध कर देने वाली है।”

गौरतलब है कि देव दीपावली के अवसर पर बुधवार की संध्या जब काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर शाश्वत ज्योति की लौ प्रज्वलित हुई, तो पूरा शहर अलौकिक आभा में नहा उठा। मां गंगा की गोद में बसे इन घाटों पर जलते लाखों दीपों की रौशनी ने ऐसा अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, मानो स्वयं स्वर्ग धरती पर उतर आया हो।

देव दीपावली का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पर पहला दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और महापौर अशोक तिवारी ने भी दीप प्रज्वलित कर मां गंगा को नमन किया।

देव दीपावली के इस अवसर पर काशी के घाटों से लेकर गलियों तक दीपों की श्रृंखला ने अद्वितीय दृश्य रचा। गंगा आरती, मंत्रोच्चार और भक्तों की उमड़ी भीड़ ने इस पर्व को आध्यात्मिकता और आस्था के चरम पर पहुंचा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Tags