अपने कर्मों के कारण बिहार में बजने वाली है कांग्रेस की बैंडः डॉ. मोहन यादव

युगवार्ता    06-Nov-2025
Total Views |
मप्र के मुख्यमंत्री ने बिहार में जनसभा को संबोधित किया


मप्र के मुख्यमंत्री ने बिहार में जनसभा को संबोधित किया


- मप्र के मुख्यमंत्री ने बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी एवं गयाजी जिले के वजीरगंज में जनसभा को संबोधित किया

पटना/भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार का विधानसभा चुनाव धर्म और अधर्म के बीच है। विपक्ष के लोग बहुत चालाक हैं, कितने प्रकार के झूठ बोलते हैं। चुनाव में कांग्रेस और साथियों की नैया डूबते देख नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा चुनाव में बेइमानी का दावा कर रहे हैं। कह रहे हैं कि अब बिहार चुनाव में भी यही होगा। लेकिन राहुल गांधी किस मुंह से कहें कि उनकी ये हालत क्यों हो रही हैं। उन्हें यह भी पता है कि बिहार में भी उनकी हार होने वाली है, इसीलिए वो अभी से बहाने खोज रहे हैं और चुनाव आयोग पर बेईमानी के आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस की यह हालत उसके कर्मों के कारण हो रही है। अपने कर्मों के कारण ही बिहार में कांग्रेस की बैंड बजने वाली है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री गुरुवार को बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी एवं गयाजी जिले वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सांस्कृतिक अभ्युदय के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। एनडीए सरकार द्वारा की गई शराबबंदी के बाद से बिहार की भी हालत बदल गई है। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का और विकास होगा। विकास का पहिया तब तेज़ चलता है जब सुरक्षा मजबूत और राजनीति पारदर्शी हो। कलयुग में वोटिंग का अधिकार ही जनता का सुदर्शन चक्र है, इसलिए मैं आपसे यही आग्रह करता हूं कि हर वर्ग के विकास और देश के सांस्कृतिक अभ्युदय के लिए यह संकल्प लें कि जब तक हमारे प्रत्याशी के पक्ष में अंतिम वोट नहीं पड़ जाता, हम चैन से नहीं बैठेंगे।

कांग्रेस रोड़े अटकाती है, मोदी जी ने बदला देश का परिदृश्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश की बागडोर संभालने के बाद देश का परिदृश्य बदला है। पूरी दुनिया में भारत का स्थान अब बुलंदियों पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने तय किया है कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए हमें पशुपालन को बढ़ावा देना होगा। उनके नेतृत्व में देश में दूध का उत्पादन बढ़ रहा है और हम उस दौर की तरफ जा रहे हैं, जब देश में दूध और घी की नदियां बहती थीं। जिन भगवान श्रीराम ने निषादराज को गले लगाया, केवट के साथ नौकायन किया। वनवासी, आदिवासी हर वर्ग को गले लगाया और राम राज्य की स्थापना की, ऐसे भगवान श्रीराम के लिए भी कांग्रेस और उसके सहयोगी जीवन भर प्रमाण मांगते रहे। सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट हर जगह यह पूछते रहे कि भगवान राम कहां पैदा हुए? किसने देखा, भगवान राम कहां पैदा हुए थे? सारी दुनिया भारत को भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की धरती के रूप में जानती है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण हजारों सालों से हमारी पहचान हैं। लेकिन कांग्रेस के लोग देश की इस भावना पर भी सवाल उठाते हैं।

कांग्रेस से पूछिये, बिहार में क्यों नहीं बना माता सीता का धाम

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक अभ्युदय के काम भी हुए हैं। उनकी प्रेरणा से काशी विश्वनाथ धाम सारी दुनिया में जगमगा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भव्य श्रीराम मंदिर का भूमिपूजन हुआ और अयोध्या के श्रीराम मंदिर में राम लला मुस्कुरा रहे हैं। जब काशी विश्वनाथ धाम बन सकता है, अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन सकता है, तो बिहार तो माता सीता की धरती है, यहां भी माता सीता का धाम बनेगा। जब यह धाम तैयार हो जाएगा, तो सारी दुनिया से लोग बिहार आएंगे। कांग्रेस के लोग जब वोट मांगने आएं, तो उनसे पूछिए कि आप इतने सालों तक सत्ता में रहे, आपने माता सीता का धाम बनाने की बात क्यों नहीं सोची? वो यह काम कर ही नहीं सकते क्योंकि उनका मन छोटा है और वे उससे बाहर नहीं आना चाहते।

भारत की वास्तविक ताकत सामाजिक एकता में बसती है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक धरोहर, लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक एकता में बसती है। यह वही देश है, जहां साधारण परिवारों से निकले युवा भी सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकते हैं, यही भारतीय लोकतंत्र की विशिष्टता है। हाल के वर्षों में आतंकवाद और नक्सलवाद पर की गई निर्णायक कार्रवाई ने देश के सुरक्षा वातावरण को अत्यंत मजबूत किया है, और इसी स्थिरता ने व्यापक विकास के नए मार्ग खोले हैं।

अपने वोट के सुदर्शन चक्र से सिखाएं झूठ बोलने वालों को सबक

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री देश के सांस्कृतिक वैभव को लौटा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी उन्हें अपशब्द कहते हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार झूठ बोल रहे हैं। हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है, जिस पर पर्दा डालने के लिए उन्होंने अभी प्रेस कांफ्रेंस की थी। वो कहते हैं कि वहां बेईमानी हुई। उन्हें यह भी पता है कि बिहार में भी उनकी हार होने वाली है, इसीलिए वो अभी से बहाने खोज कर रहे हैं और चुनाव आयोग पर बेईमानी के आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से भगवान श्रीकृष्ण ने शिशुपाल को 99 गालियों तक माफ किया था, आप भी मतदान के दिन तक इन्हें नजरअंदाज कीजिए। मतदान वाले दिन इनकी 100 गालियां पूरी हो जाएंगी और आपकी ऊंगली पर वोट का सुदर्शन चक्र होगा। जैसे ही आप अपनी ऊंगली से एनडीए प्रत्याशी का बटन दबाएंगे, सुदर्शन चक्र छूटेगा और ये धराशायी हो जाएंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags