जोधपुर पहुंची फिल्म 120 बहादुर की टीम

युगवार्ता    06-Nov-2025
Total Views |
jodhpur


फरहान अख्तर और राशि खन्ना को देखने उमड़ी प्रशंसकों की भीड़

जोधपुर, 6 नवंंबर (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर और अभिनेत्री राशि खन्ना अपनी अपकमिंग वॉर ड्रामा फिल्म 120 बहादुर के प्रमोशन के लिए गुरुवार को जोधपुर पहुंचे। उनका यह दौरा सिर्फ प्रमोशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों सितारों ने यहां देशभक्ति की भावना को बढ़ाते हुए एक बेहद भावुक कदम उठाया। उन्होंने मेजर शैतान सिंह परमवीर चक्र मेमोरियल फाउंडेशन कागा ट्रस्ट द्वारा आयोजित सभा में पहुंचकर परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

फिल्म 120 बहादुर मेजर शैतान सिंह भाटी और 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला की लड़ाई में शहीद हुए 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 जवानों के असाधारण शौर्य पर आधारित है। फरहान अख्तर फिल्म में मेजर शैतान सिंह का किरदार निभा रहे हैं, अपनी को-स्टार राशि खन्ना के साथ आज वह सीधे कागा पहुंचे। जहां दोनों अभिनेताओं ने मेजर शैतान सिंह भाटी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही मेजर शैतान सिंह के बलिदान को याद कर भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस मौके पर फरहान अख्तर ने कहा कि मेजर शैतान सिंह के साहस और नेतृत्व की कहानी हर भारतीय को गर्व से भर देती है। यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मैं ऐसे महानायक की भूमिका निभा रहा हूं, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

यह फिल्म भारतीय सैन्य इतिहास की सबसे साहसी लड़ाइयों में से एक रेज़ांग ला की जंग पर आधारित है। फिल्म का संदेश् हम पीछे नहीं हटेंगे, भारतीय सेना के वीरता और समर्पण की भावना को जीवंत करता है। बता दें कि 120 बहादुर की कहानी चार्ली कंपनी के उन 120 जवानों के अदम्य साहस को दर्शाती है, जिन्होंने भीषण ठंड और कठिन परिस्थितियों में भी 3000 से अधिक चीनी सैनिकों का बहादुरी से सामना किया था। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह वॉर ड्रामा फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Tags