पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर फिर हुई गाेलीबारी

युगवार्ता    07-Nov-2025
Total Views |

काबुल/इस्लामाबाद, 07 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के मध्य तुर्किये की राजधानी इस्ताबुंल में गुरूवार से आरंभ हुई शांति वार्ता के बीच अफ़ग़ानिस्तान के कंधार प्रांत के एक ज़िले में पाकिस्तानी सेना द्वारा गाेलीबारी किए जाने की खबर है।

स्थानीय टोलो न्यूज़ ने गुरुवार देररात बताया कि गोलीबारी स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 5 बजे हुई, जिसमें हल्के और भारी दोनों तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि स्पिन बोल्डक ज़िले के एक व्यावसायिक बाज़ार पर मोर्टार से गोले दागे गए, जिससे निवासियों और व्यापारियों को इलाक़े से भागना पड़ा।

इस बीच पाकिस्तानी सूत्रों ने संवाद एजेंसी शिन्हुआ को बताया कि अफ़ग़ान तालिबान के नियंत्रण वाले इलाक़े से कुछ तत्वों ने पाकिस्तानी चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू की जिसके बाद ही पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर गोलीबारी हुई।

सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने देश के दक्षिण-पश्चिमी बलाेचिस्तान प्रांत के चमन ज़िले में गोलीबारी का तुरंत और प्रभावी ढंग से जवाब दिया और अपनी चौकियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

सूत्रों ने कहा, अफ़ग़ान अधिकारियों के अनुसार, यह हमला तालिबान के आधिकारिक आदेश का पालन नहीं करने वाले एक शरारती समूह द्वारा किया गया था। हालांकि इसके बाद तुरंत ही पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और अफ़ग़ान तालिबान ने समन्वय शुरू कर दिया। सूत्राें के मुताबिक स्थिति को तुरंत नियंत्रण में कर लिया गया है और इसमें तनाव की स्थिति काे आगे बढ़ने से राेक लिया गया है।

सूत्रों ने पुष्टि की कि दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम समझौता बरकरार है और स्थानीय कमांडरों द्वारा समय पर की गई कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित करने और शांति बहाल करने में मदद मिली।

गाैरतलब है कि अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल दाेनाे पक्षाें के बीच शांति स्थापना के लिए इस्तांबुल में वार्ता में भाग ले रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नवनी करवाल

Tags