राजग की सरकार बनेगी, तो बिहार का नौजवान रोजगार पाएगा, अपराधी जेल जाएगा : योगी आदित्यनाथ

युगवार्ता    08-Nov-2025
Total Views |
सीएम योगी बिहार के गया जिले में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए


गया जी, 8 नवंबर (हि.स.)। उत्तर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बिहार के गयाजी के अतरी विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और वहां से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार रोमित कुमार के लिए समर्थन मांगा। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर निशाना भी साधा।

अतरी की जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार अब लालटेन की धुंधली रोशनी नहीं, एलईडी के उजाले में चमकने को तैयार है। राजग की सरकार बनेगी, तो बिहार का नौजवान रोजगार पाएगा, अपराधी जेल जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह वही पावन धरा है, जिसने महात्मा बुद्ध को ज्ञान दिया, भगवान महावीर को जन्म दिया, देश को प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसे महानायक दिए, लेकिन राजद और कांग्रेस ने इसी गौरवशाली बिहार को पहचान के संकट में डाल दिया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय, चाणक्य और आर्यभट्ट की धरती को राजद-कांग्रेस ने अंधकार में धकेल दिया। दुनिया नालंदा में ज्ञान लेने आती थी, जहां एक साथ दस हजार विद्यार्थी पढ़ते थे, लेकिन राजद-कांग्रेस के शासन में वही बिहार साक्षरता में सबसे नीचे पहुंच गया। जब राजग ने बिहार में सत्ता संभाली, तब प्रदेश की साक्षरता दर 33 प्रतिशत थी, जिसे अब बढ़ाकर 75 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस-राजद के शासन में नरसंहार, अपहरण, जातीय संघर्ष और अराजकता का माहौल था। 60 से ज़्यादा नरसंहार, 30 हज़ार से अधिक अपहरण हुए। यह था उस जंगलराज का चेहरा, जहां न व्यापारी सुरक्षित थे, न बेटियां सुरक्षित थीं। ये लोग गरीब का राशन और पशुओं का चारा दोनों खा गए थे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया और अपराधियों को उन्होंने बुलडोजर से पस्त कर दिया। अब उनकी हड्डी-पसली एक हो चुकी है। यूपी में अपराधी पस्त हैं और नौजवान मस्त हैं। बिहार को भी यही रास्ता अपनाना होगा, जहां सुशासन और विकास हो, अपराध और भ्रष्टाचार नहीं। राजग की सरकार बनेगी, तो बिहार का नौजवान रोजगार पाएगा, अपराधी जेल जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूर नहीं, मजबूत राष्ट्र बना है। जब लखनऊ में बनी ब्रह्मोस मिसाइल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में गिरी, तो उसकी सिट्टी-पिट्टी गुल हो गई थी। पाकिस्तान गिड़गिड़ा रहा था कि भारत तबाह कर देगा। आज का भारत किसी की धमकी नहीं सुनता। अगर कोई भारत की सुरक्षा में सेंध लगाएगा, तो भारत उसके घर में घुसकर इलाज करेगा। यह नया भारत है, मोदी जी का भारत।

गरीबों की योजनाओं का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी सरकार ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा, 12 करोड़ किसानों को सम्मान निधि, 10 करोड़ माताओं को उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन और 4 करोड़ गरीबों को पक्का घर दिया। अब दलालों का खेल खत्म। सरकार का पैसा सीधे गरीब के खाते में जा रहा है। यही राजग का सुशासन है। कांग्रेस के समय में 50,000 (पचास हजार) रुपए देकर भी गैस नहीं मिलती थी। आज हर गरीब मां के घर में चूल्हा जल रहा है। यह मोदी जी की गरीब कल्याण की राजनीति है।

सीएम योगी ने जनता से आह्वान किया कि खानदानी माफिया और अपराधियों को वोट देना बिहार के भविष्य के साथ अन्याय है। बिहार का भविष्य केवल विकास की राजनीति से सुरक्षित रह सकता है। राजग ही नौजवानों को नौकरी दे सकता है, अपराधियों को जेल भेज सकता है, गरीब को सम्मान दे सकता है। यही डबल इंजन की ताकत है। अब बिहार का नौजवान मस्त होगा, और अपराधी पस्त, यही है नए बिहार की पहचान।

योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की कि अतरी में राजग के उम्मीदवार रोमित कुमार को भारी मतों से जिताकर बिहार में सुशासन की मजबूत नींव रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Tags