आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने बिहार में एनडीए के लिए मांगा जनसमर्थन

युगवार्ता    09-Nov-2025
Total Views |
नारा लोकेश


अमरावती/ पटना, 9 नवंबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के मंत्री और चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने आज बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के लिए समर्थन मांगा। पटना में लोकेश ने पत्रकार वार्ता कर एनडीए की उपलब्धियों और भविष्य की नीतियों के बारे में बताया।

पत्रकार वार्ता में मंत्री लोकेश ने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार के कारण बिहार में विकास कार्य तेज़ी से हो रहे हैं। नीतीश सरकार से पहले बिहार में जंगलराज था। वर्तमान में विकास कार्य तेज़ी से हो रहे हैं। मैंने पटना में उद्योगपतियों से भी बात की है। उन्होंने यहां के विकास कार्यों और सरकारी नीतियों पर प्रसन्नता व्यक्त की। लोकेश ने कहा कि केंद्रीय बजट में बिहार को सबसे ज़्यादा धनराशि आवंटित की गई। बिहार के बाद, आंध्र प्रदेश को बजट में ज़्यादा धनराशि दी गई। इसका कारण यह है कि दोनों राज्यों में एनडीए गठबंधन सत्ता में है। उद्योगों के साथ-साथ शिक्षा, नौकरी और रोज़गार के अवसर बढ़े हैं।

नारा लोकेश ने कहा कि जब विकास कार्य चल रहे हों, तब सरकार बदलना उचित नहीं है। लोकेश ने कहा, अगर सरकार बदलती है, तो नुकसान होगा। पहले एक पार्टी एक मौके के नाम पर आंध्र प्रदेश में सत्ता में आई थी। उसके बाद सभी उद्योग भाग गए। आंध्र प्रदेश में जो हुआ, उसे ध्यान में रखते हुए बिहार को जागृत और विशेष कर युवाओं को जागना चाहिए। विकासशील भारत के लिए बिहार का विकास ज़रूरी है। यहां के युवाओं और मतदाताओं को एक बार फिर एनडीए को जिताना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नागराज राव

Tags