भारत और अंगोला की साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और साझा समृद्धि की दृष्टि पर आधारित: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

युगवार्ता    09-Nov-2025
Total Views |
भारत और अंगोला की साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और साझा समृद्धि की दृष्टि पर आधारित: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू


भारत और अंगोला की साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और साझा समृद्धि की दृष्टि पर आधारित: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू


लुआंडा (अंगोला), 9 नवम्बर ( हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत और अंगोला के बीच की साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और साझा समृद्धि की दृष्टि पर आधारित है। उन्होंने दोनों देशों से भारत-अफ्रीका फोरम समिट के व्यापक ढांचे के तहत सहयोग को और गहरा करने की अपील की ।

राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु ने अंगोला की राजधानी लुआंडा में राष्ट्रपति जोआओ मैनुएल गोंकाल्वेस लोरेन्सो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान मत्स्य पालन, जलीय कृषि और समुद्री संसाधनों के साथ-साथ वाणिज्यिक मामलों में सहयोग से जुड़े दो महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीक, कृषि, स्वास्थ्य, रक्षा और अवसंरचना के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। उन्होंने आपसी संपर्क, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भी साझेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि अंगोला भारत की ऊर्जा सुरक्षा में एक महत्वपूर्ण भागीदार है और दोनों देशों के बीच ऊर्जा व्यापार लगातार सुदृढ़ हो रहा है। उन्होंने अंगोला के विकास प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश अपने नागरिकों की प्रगति और समृद्धि के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है।

दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे का सहयोग जारी रखने और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर सामंजस्यपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने पर सहमति जताई। राष्ट्रपति मुर्मू ने अंगोला द्वारा इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) और ग्लोबल बायोफ्यूल्स एलायंस (जीबीए) में शामिल होने के निर्णय का स्वागत किया, और इसे पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।

अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुएल गोंकाल्वेस लोरेन्सो ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में राष्ट्रपति भवन, लुआंडा में भोज का आयोजन भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags