
लखनऊ, 14 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के लिए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को निर्वाचित घोषित किया गया। पंकज के अध्यक्ष घोषित होने पर भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहित वरिष्ठ नेताओं ने हर्ष व्यक्त किया।
रविवार को यहां डॉ राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अम्बेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय चुनाव अधिकारी व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जैसे ही उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी के नाम की घोषणा की। सम्पूर्ण सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पंकज को पार्टी का झण्डा सौंपा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेई, डॉ महेंद्र नाथ पांडेय और स्वतंत्रत देव सिंह आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन