बंगाल की खाड़ी में डूबा ट्रॉलर, पांच मछुआरे लापता

युगवार्ता    15-Dec-2025
Total Views |

कोलकाता, 15 दिसंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में दक्षिण 24 परगना के नामखाना से मछली पकड़ने निकले भारतीय मधुआरों का एक ट्रॉलर समुद्र में डूब गया। इस हादसे में ट्रॉलर पर सवार 16 मछुआरों में से 11 को बचा लिया गया है, जबकि पांच मछुआरे अब भी लापता हैं। आरोप है कि बांग्लादेश नौसेना के एक जहाज ने ट्रालर को टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ।

तटरक्षक बल के अधिकारियों के अनुसार, नामखाना घाट से 13 दिसंबर को “एफबी परमिता दास” नाम का ट्रॉलर 16 मछुआरों को लेकर समुद्र में गया था। रात के समय यह हादसा हुआ।

आरोप लगाया गया है कि बांग्लादेश की नौसेना के एक जहाज ने ट्रॉलर को टक्कर मारी है, जिससे वह समुद्र में डूब गया। सुंदरबन समुद्री मछुआरा श्रमिक यूनियन के सचिव सत्यानाथ पात्र ने आरोप लगाते हुए बताया कि बांग्लादेश की नौसेना के जहाज ने लाइट बंद करके ट्रॉलर को टक्कर मारी। टक्कर के बाद मछुआरे समुद्र में गिर गए। इसके बाद उन्हें बचाने के बजाय जहाज वहां से लौट गया। उन्होंने कहा कि लापता मछुआरों की तलाश जारी है।

लापता पांच मछुआरे नामखाना और आसपास के इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं। संपूर्ण घटना की जांच भारतीय तटरक्षक बल और स्थानीय पुलिस ने शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे के वक्त वास्तविक स्थिति क्या थी और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags