गुरुवार रात ज्यादा बड़ा और चमकदार दिखाई देगा पूर्णिमा का चांद

युगवार्ता    03-Dec-2025
Total Views |
पूर्णिमा पर दिखने वाले सुपरमून की जानकारी देते हुए सारिका


- इस साल को विदा देता अंतिम सुपरमून होगा कोल्ड मून

भोपाल, 03 दिसम्बर (हि.स.)। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए 4 दिसंबर, गुरुवार का दिन खास होने जा रहा है। इस दिन आसमान में इस साल की अंतिम पूर्णिमा का चांद सुपरमून होगा। यह अपेक्षाकृत बड़ा और चमकदार दिखाई देगा। इसे रातभर में आसमान में चमकता हुआ देखा जा सकेगा।

नेशनल अवॉर्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आज चंद्रमा पृथ्वी के नजदीक होगा और इसकी पृथ्वी से दूरी लगभग 3 लाख 57 हजार 218 किमी होगी। इसे कोल्ड मून भी नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि उदित होते समय देखने पर मून इल्युजन के कारण यह और अधिक बड़ा दिखाई देगा। इसके बाद आकाश में पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ते हुए सुबह 4 बजकर 44 मिनट पर पृथ्वी के सबसे नजदीकी बिंदु पर आ जाएगा। इसे देखने के लिए किसी विशेष उपकरण की जरूरत नहीं होगी। अगर आप शहर की रोशनी से दूर वाले स्थान से देखेंगे तो इसकी चमक को और अधिक महसूस कर पाएंगे।

सारिका ने बताया कि सुपरमून तब होता है, जब पूर्णिमा का चंद्रमा पृथ्वी की परिक्रमा करता हुआ पृथ्वी के सबसे निकट बिंदु पर रहता है। इस बिंदु को पेरिजी कहते हैं। पास आ जाने से वह सामान्य पूर्णिमा के चंद्रमा से बड़ा और अधिक चमकीला दिखता है। शहर की रोशनी से दूर जाकर सुपरमून की चांदनी की चमक को और अच्छे से महसूस कर सकते हैं।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags