- पार्टी में दायित्व मिले या नहीं, लेकिन सबकी भूमिका सुनिश्चित होगी
देहरादून, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने बुधवार को नव नियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की गति दोगुनी करने का आह्वान करते हुए कहा कि मिशन-2027 और 29 के लक्ष्य को लेकर लिए अभी से जुट जाएं। चुनाव की दृष्टि से पदाधिकारियों को पर्याप्त समय मिलना चाहिए,इसलिए शीघ्र पूरी तरह संगठन का विस्तार किया जाए।
बुधवार को कुंवावाला स्थित स्थित एक होटल में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने नवनियुक्त सभी प्रदेश और जिला पदाधिकारियों के लिए आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए यह बातें कही। इस मौके पर बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी में सबको दायित्व मिले या नहीं लेकिन सबकी भूमिका सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों के नेतृत्व में पार्टी को 2027 के चुनाव में पुनः जीतना है, हम जितने लायक हैं और माहौल भी अनुकूल है। लंबे समय विपक्ष में रहने के बाद हम आज सत्ता में है। इसलिए समस्या का समाधान लोगों की भाजपा सरकार से अपेक्षा है। सरकार लगातार 10 सालों से विभिन्न समस्याओं का समाधान देश को दे रही है,इसलिए जनता ने हमारे लिए समाधान का पैमाना भी बढ़ा दिया है। ठीक इसी तरह हम विश्व की सबसे बड़ी और सबसे प्रभावी राजनीतिक संगठन है,लिहाजा हमें भी संगठन के कार्य क्षेत्र और योजनाओं का स्केल यानी पैमाना बढ़ाना है।
उन्होंने केंद्र और कई राज्यों की सफल योजनाओं का जिक्र करते उत्तराखंड सरकार की सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा के खिलाफ कार्रवाई की प्रशंसा की। उन्होंने कहा धामी सरकार ने अवैध धार्मिक गतिविधियों के नाम पर अवैध कब्जों से मुक्ति में देश में अग्रणी भूमिका निभाई है।
संगठन की कार्यपद्धति पर चर्चा करते हुए कहा कि जिस तरह रोजाना गंगा का जल एक ही स्थान पर रोज बदलता है लेकिन उसका महत्व और प्रकृति नहीं बदलती। ठीक उसी तरह पदाधिकारी का नाम बदला है लेकिन पद का दायित्व और प्रभाव संगठन के अनुरूप ही रहना चाहिए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए 2027 के विधानसभा ही नहीं, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के मूल मंत्र पर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अनेकों जन कल्याणकारी योजनाओं से राज्य का चौमुखी विकास हो रहा है। राज्य, सतत विकास सूची में देश प्रथम स्थान पर पहुंचा है,इज ऑफ डूइंग में लीडरशिप की श्रेणी में आया है,बेरोजगारी धर्मेंद्र राष्ट्रीय औसत से भी अधिक कमी 4.4 फीसदी लाने में हम सफल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि डेमोग्राफी परिवर्तन की सभी कोशिशें को सख्त धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून से रोक लगाने में सफल हुए हैं। नौ हजार एकड़ जमीन अवैध धार्मिक कब्जों से मुक्त कराई, 250 अवैध मदरसे बंद किए, 500 अवैध धार्मिक संरचनाओं को ध्वस्त किया। नीली, पीली,हरी किसी भी तरह की चादर डालकर किसी को जमीन हड़पने नहीं दिया जाएगा। वही आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि इस वर्ष आपदा ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और सरकार ने प्रत्येक पीड़ित को राहत पहुंचाने के लिए त्वरित कार्य किया।
प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने वर्तमान हालातों की चर्चा करते हुए कहा कि यूकेएसएसएससी की परीक्षा को बदनाम करने के लिए षडयंत्र रचा गया और उससे लव और लैंड जिहाद की तर्ज पर नकल जिहाद की बू आती है।
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि राज्य के 13192 सक्रिय कार्यकर्ताओं में से आप लोगों का चुनाव हुआ है। इसका मतलब यह नहीं कि अन्य लोग कम योग्य थे,बल्कि एक निश्चित रणनीति और समन्वय के तहत की यह टीम बनाई गई है। 2027 में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश विधानसभा चुनावों में लगने वाली हैट्रिक में सभी का सहयोग जरुरी है। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार को आगे बढ़ाते हुए लगातार कार्यशैली में गुणात्मक सुधार लाना है। जिसके क्रम में हमारा लक्ष्य वंचितों की सेवा करना और पार्टी को मिलने वाले वोट को बढ़ाना है।
इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि उज्जवला, आयुष्मान, पीएम आवास, हर घर नल से जल, गरीब श्री अन्न योजना आदि ऐसी तमाम योजनाएं हैं जो बिना किसी भेदभाव के सफलता से संचालित की जा रही है। ये पीएम मोदी की नीति, सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास और सबके प्रयास के साथ सामाजिक समरसता का बेहतरीन उदाहरण है।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने मीडिया,सोशल मीडिया को लेकर विस्तार से पार्टी की रणनीति पर बात रखते हुए कहा कि समाज के नकारात्मक विमर्श को सकारात्मक संदेश में बदलने के लिए भी हम सबको लगातार एक जुटता से प्रयास करने की जरूरत है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि पांच सत्रों में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाल में सांगठनिक एवं राजनीति कार्यक्रम पर व्यापक चर्चा की गई। जिसमें प्रमुख रूप से आगामी राजनैतिक चुनौतियों,संगठन के प्रभावी विस्तार के साथ सेवा पखवाड़ा, नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म, स्वदेशी अभियानों कार्यक्रमों और मीडिया, सोशल मीडिया की चुनौतियां, राजनैतिक सामाजिक विमर्श निर्माण आदि विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी के मातृ संगठन आरएसएस की शताब्दी यात्रा को लेकर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में संघ के प्रांत कार्यवाहक दिनेश सेमवाल की ओर से पंच परिवर्तन शताब्दी वर्ष पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार