‘आई लव मोहम्मद’ प्रदर्शनों पर विहिप ने जताई चिंता, कहा- देश की शांति सुरक्षा के लिए एक चुनाैती

युगवार्ता    24-Sep-2025
Total Views |
विहिप


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद विहिप ने देश के अलग-अलग राज्यों से 'आई लव मोहम्मद' के नाम पर हो रहे हिंसक प्रदर्शनों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे देश की शांति सुरक्षा के लिए एक कठिन चुनाैती करार दिया है तथा अराजक तत्वाें को मज़हब के नाम पर हिंसा से बाज़ आने की चेतावनी दी है।

विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ सुरेंद्र जैन ने बुधवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा कि मुस्लिम दुकानों पर नफरती सामान बेचा जा रहा है जो देश के लिए सही नहीं है। उन्होंने इसे देश की शांति-सुरक्षा के लिए कड़ी चुनौती बताया।

डॉ सुरेंद्र जैन ने कहा कि आई लव मोहम्मद शब्दों से विहिप को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन इसके पीछे की मंशा पर सवाल है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम लोगों की दुकानों में नफरती सामान बेचा जा रहा है जो देश में अशांति फैलाने का काम कर रहा है। हर जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं और इन प्रदर्शनों मेंगैर संवैधानिक नारे लगाए जा रहे हैं। इन प्रदर्शनों में पुलिस थानों पर हमले, पुलिस वालों को पीटने और वाहनों को जलाने की घटनाएं सामने आई हैं।

उन्होंने कहा कि मुस्लिम लोगों का पैगंबर के प्रति प्रेम के इजहार का यह कौन सा तरीका है? ऐसे लोगों की मानसिकता पर तुरंत रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज को तैयार रहना चाहिए। देश में इस तरह के प्रदर्शन स्वीकार नहीं है। ये लोग न्यायपालिका को नहीं मानते है, संविधान को नहीं मानते।

उल्लेखनीय है कि यह विवाद 9 सितंबर को शुरू हुआ, जब कानपुर पुलिस ने 4 सितंबर को बारावफात (ईद मिलाद-उन-नबी) जुलूस के दौरान सार्वजनिक सड़क पर “आई लव मोहम्मद” लिखे बोर्ड लगाने के आरोप में नौ नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को पैगंबर मोहम्मद के प्रति प्रेम व्यक्त करने के अधिकार का पुरजोर बचाव किया। उन्होंने सवाल उठाया कि तीन साधारण शब्द - आई लव मोहम्मद - कैसे गैरकानूनी माने जा सकते हैं और अदालतों से इस पर तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके साथ एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि आई लव मोहम्मद कहना कोई अपराध नहीं है, इस मुद्दे ने राष्ट्र का ध्यान आकर्षित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags