रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। रांची के ग्रीन होराइजन होटल में विश्व हिंदू परिषद के दुर्गावाहिनी-मातृशक्ति ने शस्त्रपूजन का कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और शस्त्र पूजन के साथ हुआ। इस मौके पर दुर्गा वाहिनी प्रांत सह संयोजिका कीर्ति गौरव ने कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए दुर्गावाहिनी के संगठनात्मक स्वरूप का परिचय कराया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के केन्द्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार बतौर मुख्यातिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सत्य की रक्षा करने के लिए हमारे पास शक्ति का होना जरूरी है। देश की संस्कृति पर आक्रमण के कारण माता और बहनों के रहन सहन में बदलाव आया। बहनें अपनी रक्षा के लिए पर्दा करना शुरू कर दिया। शादियां दिन की जगह रात में होनी शुरू हो गयीं। छोटी लड़की के साथ अत्याचार होना शुरू हुआ तब बाल विवाह होना शुरू हो गया।
उन्होंने कहा कि जब समाज कमजोर होता है तो ये सब होता है। जब युद्ध होता था तो पुरुष भगवा कपड़ा पहन कर किले के बाहर लड़ाई करते थे और जब वो हार या मर नहीं जाते थे तब तक लड़ाई करते थे और उनके मारने के बाद रानियां जौहर कर लेती थीं। तब उस समय से समाज में महिलाओं को अबला समझना शुरू किया गया और तब से सुरक्षा के लिए महिलाओं के साथ हमेशा किसी को रहना जरूरी कर दिया गया। समाज में महिला के कमजोर होने की बात कही जाने लगी। लेकिन इस तरह के कार्यक्रम में अपने अंदर के आत्मविश्वास को बढ़ाना होगा कि हम अकेले निकलेंगे तो शस्त्रन के साथ निकलेंगे। बिना डर भय के निकलना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बेटियों को सिर्फ सुविधा देने से नहीं होगा उनका संस्कार, उनका इतिहास, रीति रिवाज भी सीखना होगा।
कार्यक्रम को क्षेत्र प्रमुख डॉ शोभा रानी, प्रांत प्रमुख दीपा रानी और प्रांत उपाध्यक्षा रेखा जैन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अधर्म के मार्ग में न ही कोई फला-फूला है और न ही किसी का कल्याण हुआ है।
इस मौके पर प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने कहा कि सेवा, समर्पण और शक्ति के पूजा के लिए हमलोग यहां एकत्र हुए हैं। उन्होंने झारखंड प्रांत के लगभग सभी गांव में इस तरह के कार्यक्रम हो रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन दुर्गा वाहिनी की शालिनी मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्र धर्माचार्य संपर्क प्रमुख वीरेंद्र विमल, प्रांत उपाध्यक्ष रेखा जैन, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, मातृशक्ति प्रमुख दीपारानी कुंज, दुर्गा वाहिनी प्रांत सह संयोजिका कीर्ति गौरव, महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी, मंत्री विश्व रंजन और दुर्गा वाहिनी, मातृ शक्ति की कई सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे