यूएनएससी में भारत की स्थायी सदस्यता का रूस ने समर्थन किया

युगवार्ता    27-Sep-2025
Total Views |

न्यूयॉर्क/मॉस्को, 27 सितम्बर (हि.स.)। रूस ने भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में स्थायी सदस्यता का समर्थन किया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र में कहा कि रूस भारत और ब्राजील दोनों को स्थायी सीट मिलने के पक्ष में है।

लावरोव ने कहा कि यूएनएससी में सुधार बेहद जरूरी है और रूस एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के प्रतिनिधित्व बढ़ाने का समर्थन करता है। उन्होंने अफ्रीका के प्रति हुए ऐतिहासिक अन्याय को दूर करने पर भी जोर दिया।

पश्चिमी देशों पर निशाना

अपने संबोधन में लावरोव ने पश्चिमी देशों की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम अवैध और एकतरफा प्रतिबंधों को हथियार बना रहा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में प्रतिस्पर्धियों को दबा रहा है। लावरोव ने 'कलर रिवोल्यूशन' को भी आज के समय की दुखद वास्तविकता बताया।

नाटो और ईयू को चेतावनी

लावरोव ने नाटो (नाटो) और यूरोपीय संघ (ईयू) को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे रूस के खिलाफ आक्रामकता दिखाते हैं तो रूस इसका कड़ा जवाब देगा। उन्होंने साफ किया कि मास्को पर पश्चिम द्वारा लगाए जा रहे हमले की योजना बनाने के आरोप झूठे हैं।

यूक्रेन युद्ध पर रूस का रुख

रूस ने संकेत दिया है कि वह यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत को तैयार है। लावरोव ने कहा कि किसी भी समझौते से पहले रूस की सुरक्षा चिंताओं और रूसी भाषी लोगों के अधिकारों का समाधान होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी आधार पर रूस कीव के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में सुरक्षा गारंटी पर चर्चा के लिए तैयार रहेगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags